हैदराबाद के चारमीनार पहुंचीं 109 देशों की मिस वर्ल्ड प्रतियोगी
चूड़ी बाजार में की शॉपिंग
हैदराबाद में मंगलवार को मिस वर्ल्ड 2025 की 109 देशों की प्रतियोगियों का ऐतिहासिक चारमीनार और मशहूर लाड बाजार (चूड़ी बाजार) में शानदार स्वागत हुआ। 400 साल पुराने चारमीनार पर लाल कालीन बिछाया गया और मार्फा संगीत की धुनों के साथ माहौल और भी खुशनुमा हो गया। इस दौरान कुछ प्रतियोगी संगीत पर खुद को नाचने से रोक नहीं पाईं। चारमीनार की भव्य पृष्ठभूमि में खास फोटोशूट भी हुआ।
गुलाबों से किया स्वागत, खरीदी चूड़ियां
109 देशों की मिस वर्ल्ड प्रतियोगितायों का वहां पर उमड़ी भीड़ ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया। पुराने शहर की हेरिटेज वॉक के तहत प्रतियोगियों ने लाड बाजार में चूड़ी बनाने की पारंपरिक कला देखी और वहां के कारीगरों के काम की तारीफ भी की। दुकानदारों ने गुलाबों से उनका स्वागत किया और मुफ्त खरीदारी की पेशकश रखी। उन्होंने प्रतियोगियों से हैदराबाद, चारमीनार और लाड बाजार की खासियत अपने देशों में पहुंचाने का अनुरोध किया।
कब से कब तक है मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता
लाड बाजार में चूड़ी की खरीदारी के बाद प्रतियोगी निजाम युग के चौमहल्ला पैलेस पहुंचीं, जहां उनकी शाम को खास बनाने के लिए एक सांस्कृतिक प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस दौरान तेलंगाना सरकार ने उनकी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का पूरा इंतजाम किया। मिस वर्ल्ड 2025, 10 मई से शुरू होकर 31 मई तक चलेगी। तेलंगाना सरकार इस वैश्विक आयोजन का उपयोग राज्य की अंतरराष्ट्रीय छवि और निवेश को बढ़ाने के लिए कर रही है। प्रतियोगी रामप्पा मंदिर जैसे यूनेस्को स्थलों सहित कई पर्यटक स्थलों का दौरा करेंगी।
ए. रेवंत रेड्डी और नागार्जुन ने किया डिनर
शाम को चौमहल्ला पैलेस में मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी, मंत्रियों और अभिनेता नागार्जुन ने प्रतियोगिताओं के साथ डिनर में हिस्सा लिया। डिनर के साथ ही मेहंदी समारोह और निजामी पोशाकों ने हैदराबाद की शाही विरासत में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा प्रतियोगियों ने निजाम युग के हथियारों, शाही सामानों और कलाकृतियों को देखा और अनुभव किया।
जूलिया मोर्ले ने की तेलंगाना के आवभगत की तारीफ
मिस वर्ल्ड ऑर्गनाइजेशन की चेयरमैन जूलिया मोर्ले ने तेलंगाना को "दुनिया का सबसे अच्छा गुप्त रहस्य" बताया। उन्होंने राज्य के पर्यटन स्थलों, चिकित्सा सुविधाओं और मेहमाननवाजी की सराहना की। इस खास दावत का समापन हैदराबादी बिरयानीसे लेकर मिर्ची का सालन, क्यूबानी का मीठा और कबाब के साथ शाही दावत और लाइव संगीत के साथ हुआ।