CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS

जहानाबाद, बिहार के जहानाबाद में बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी के द्वारा भूमिहारों के ऊपर दिए गए विवादित बयान पर हंगामा थमने का नाम नहीं ले रहा है। जनता दल यूनाइटेड पार्टी के अंदर से विरोध शुरू होकर विपक्ष के खेमे से होते हुए यह विरोध अब सड़क तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर भी लोग अशोक चौधरी को खूब ट्रोल कर रहे हैं। अलग- अलग जिलों में लोग सड़कों पर उतार आये हैं। भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के लोग प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मंत्री अशोक चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के भगवानपुर चौक पर सैकड़ो की संख्या में जुटे भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के कार्यकर्ताओं ने मंत्री अशोक चौधरी के खिलाफ न सिर्फ जमकर नारेबाजी की बल्कि बिहार सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भूमिहारों के ऊपर किए गए अमर्यादित टिप्पणी पर अशोक चौधरी पर कार्रवाई नहीं करते हैं और अशोक चौधरी अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं, तो अब पूरे बिहार में भूमिहार ब्राह्मण सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसका खामियाजा आने वाले 2025 के विधानसभा चुनाव में भी भुगतना पड़ेगा।
भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट ने सरकार को दी चेतावनी 
भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट के मुजफ्फरपुर और प्रदेश के महामंत्री धर्मवीर शुक्ला ने कहा जिस प्रकार से अशोक चौधरी ने बयान दिया है इसको भूमिहार समाज कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि अगर अशोक चौधरी माफी नहीं मांगते हैं, तो भूमिहार ब्राह्मण सामाजिक फ्रंट आगे की रणनीति तय करने के लिए स्वतंत्र है और इसका खामियाजा वर्तमान सरकार और केंद्र सरकार को भुगतना पड़ेगा।
भूमिहार अपने तेवर में आता है तो सरकार बदल देता है
इसी तरह का विरोध जहानाबाद में भी देखने को मिला, जहां राष्ट्रीय भूमिहार सेवा अभियान ने मंत्री अशोक चौधरी का पुतला दहन किया। राष्ट्रीय भूमिहार सेवा अभियान के लोगों ने खुलेआम चेतावनी देते हुए कहा कि अशोक चौधरी सरेआम माफी मांगे नहीं तो आने वाले दिनों में उनको जहानाबाद में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। मंत्री अशोक चौधरी ने भूमिहार समाज में एक तरफ बेटी देने का काम करते हैं तो दूसरे तरफ गाली देने का काम करते हैं। ऐसी स्थिति में भूमिहार समाज उनके द्वारा किए गए टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं करेगा। राष्ट्रीय भूमिहार सेवा अभियान के बैनर तले पुतला दहन कार्यक्रम में भारी संख्या में भूमिहार समाज के लोग भाग लिए। इस मौके पर भूमिहार समाज के लोगों ने साफ तौर पर कहा कि जनता दल यूनाइटेड के मंत्री अशोक चौधरी ने जिस तरह का बयान भूमिहार समाज पर दिया है इससे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भी बदनामी हुई है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इस मामले को गंभीरता से लेकर अशोक चौधरी को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करना चाहिए। इस मौके पर भूमिहार समाज के नेता ने कहा कि अशोक चौधरी भूमिहार को नजदीक से नहीं जाने हैं भूमिहार अगर अपने तेवर में आता है तो सरकार बदल देता है