एमपी के शाजापुर में अवैध परिवहनकर्ताओं पर खनिज विभाग ने कसा शिकंजा
सुबह 4 बजे से विभिन्न स्थानों पर दी दबिश, आठ वाहन किए जब्त
Curated by - BAGHWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, आचार संहिता लागू होने के बाद प्रशासन द्वारा सख्ती बरती जा रही है। तो खनिज विभाग ने भी कलेक्टर के निर्देश पर छापामार कार्यवाही करते हुए 8 वाहनों को अवैध परिवहन करते हुए जब्त किया है। विभागीय अधिकारियों ने गुरूवार सुबह करीब 4 बजे इस कार्यवाही को अंजाम दिया, जिससे अवैध परिवहनकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
खनिज अधिकारी आरिफ खान एवं सहायक खनिज अधिकारी कामना गौतम द्वारा की गई इस कार्यवाही में बालू रेत के ओव्हर लोड डंपरों की विशेष रूप से जांच की गई। जिसमें 05 डंपर ओव्हर लोड पाये जाने पर उन्हें मो. बड़ोदिया, मक्सी एवं कोतवाली में जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में दिये गये। तो 01 डंपर गिट्टी खनिज का ओव्हरलोड परिवहन करते हुए एवं 02 ट्रेक्टर ट्राली गिट्टी का बिना रॉयल्टी के परिवहन करते हुए जप्त किये गये जिन्हे थाना कालापीपल, मो. बडोदिया तथा कोतवाली में अभिरक्षा में दिया गया। खनिज अधिकारी आरिफ खान ने बताया कि बालू रेत के समस्त ओव्हरलोड हपर जिला सीहोर से इच्छावर होते आ रहे थे। जिन्हें गतव्य स्थल में नीमच एवं मदसौर लिखा गया था। जबकि इन वाहनों से जिला शाजापुर में रेत का विक्रय किया जाना पाया गया। समस्त प्रकरणों को पंजीबद्ध कर अर्थदण्ड की कार्यवाही हेतु म.प्र. खनिज ( अवैध खनन, परिवहन तथा भण्डारण का निवारण) नियम 2022 के अंतर्गत कलेक्टर को सौंपा गया।
अलसुबह पहुंचे अधिकारी
आचार संहिता के चलते कलेक्टर द्वारा खनिज विभाग को कार्यवाही के निर्देश दिए थे। इसके लिए अधिकारियों ने योजना बनाई और सुबह करीब 4 बजे से छापामार कार्यवाही शुरू कर दी। इतनी जल्दी अमले को अपने सामने देख अवैध परिवहनकर्ताओं में भी हड़कंप मच गया और वे कुछ कर पाते इसके पहले ही अधिकारियों ने उनके वाहन जब्त कर लिए। वही जब उनसे इसके बारे में जानकारी मांगी गई तो वे संतोषप्रद जवाब भी नहीं दे पाए जिसके चलते अधिकारियों ने इनके खिलाफ कार्यवाही कर वाहनों को पुलिस अभिरक्षा में सौंप दिया।