नई दिल्ली, इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 का 36वां मैच रविवार को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच खेला गया. इस रोमांचक मैच में केकेआर ने आरसीबी को 1 रन से हरा दिया. मुकाबले के दौरान बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली (Virat Kohli) के विकेट को लेकर काफी विवाद देखने को मिला. कमर की हाईट तक आ रही बॉल पर अंपायर द्वारा आउट देने के बाद विराट भड़क गए और सीधे अंपायर से जाकर बहस करने लगे. इतना ही नहीं पवेलियन लौटते समय उन्होंने डस्टबीन को भी लात मार कर गिरा दिया. कोहली को अब उनकी गलती की सजा सुनाई गई है. बीसीसीआई ने पूर्व कप्तान पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना ठोक दिया है.

आईपीएल ने एक बयान में कहा, ” रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाज विराट कोहली पर ईडन गार्डन्स, कोलकाता में 21 अप्रैल 2024 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2024 की मैच संख्या 36 के दौरान आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है.”

बयान में आगे कहा गया है कि कोहली ने आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के तहत लेवल एक का अपराध किया है। उन्होंने अपराध स्वीकार कर और मैच रेफरी की सजा को मान लिया. आचार संहिता के लेवल एक के उल्लंघन के लिए, मैच रेफरी का निर्णय अंतिम और बाध्यकारी होता है. आईपीएल की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के तहत लेवल एक का अपराध ‘अंपायर के फैसले पर असहमति दिखाना’ है.

लक्ष्य का पीछा करते हुए कोहली तीसरे ओवर में हर्षित राणा की फुलटॉस गेंद पर आउट करार दिए गए. इस गेंदबाज ने ही कोहली का कैच लपका. इस मैच में केकेआर की टीम ने रविवार को सात विकेट पर 222 रन बनाने के बाद एक रन से रोमांचक जीत दर्ज की.

आईपीएल में नो-बॉल को ऊंचाई से मापने वाली ‘हॉक-आई प्रणाली’ लागू है. इसके तहत क्रीज में बल्लेबाज के कमर की ऊंचाई से गेंद की ऊंचाई का आकलन कर नो बॉल का फैसला किया जाता है. कोहली के बल्ले से जब गेंद का संपर्क हुआ था तब गेंद उनके कमर के ऊपर की ऊंचाई पर थी. वह हालांकि इस समय क्रीज से बाहर थे और गेंद नीचे की ओर आ रही थी.

टीवी अंपायर माइकल गॉफ ने ऊंचाई की जांच की और हॉक-आई ट्रैकिंग के अनुसार, अगर कोहली क्रीज में होते तो गेंद कमर के पास 0.92 मीटर की ऊंचाई से गुजरी होती. इस स्थिति में गेंद कोहली की कमर की ऊंचाई से नीचे होती. ऐसे में गॉफ ने बॉल ट्रैकिंग के पैमाने पर गेंद की ऊंचाई को कोहली की कमर की ऊंचाई से नीचे पाया और उन्हें आउट करार दिया.

कोहली हालांकि इस फैसले से सहमत नहीं दिखे उन्होंने गुस्से जैसी प्रतिक्रिया के साथ मैदानी अंपायर से बात की. मैदान से बाहर निकलने के बाद भी उनके चेहरे पर निराशा देखी जा सकती थी.