CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, जिलाधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में नागरिक सुरक्षा के आपातकालीन सेवाओं के आफिसर कमांडिंग की वर्ष में होने वाली बैठक आहूत की गयी। बैठक में डीएम मनीष बंसल ने विभाग द्वारा नागरिक सुरक्षा की योजना बनाने एवं उसका प्रचार-प्रसार कर आमजनमानस में हवाई हमले एवं आपदा से बचाव संबंधी अग्निशमन, प्राथमिक चिकित्सा, भूकम्प, जागरूकता, बाढ से बचाव एवं विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय से आयोजित किए जाने के निर्देश दिए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी को हवाई हमले के दौरान अग्नि बमों से सुरक्षा के लिए नागरिक सुरक्षा महायोजना में नामित कार्मिकों को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने आंतरिक संचार प्रणाली को तकनीकी रूप से मजबूत करने हेतु पूर्व की हॉटलाइन सेवा को नवीन तकनीकी में बदलने के बीएसएनएल के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि हवाई हमले के समय में होने वाली आपदाओं से निपटने के लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने उत्तरदायित्वों का भली प्रकार से निर्वहन करें। डीएम मनीष बंसल ने कहा कि नागरिक सुरक्षा की आपातकालीन सेवाओं में मुख्य रूप से बचाव सेवा, संचार सेवा, कल्याण सेवा, प्रशिक्षण सेवा, अग्निशमन सेवा, आपूर्ति सेवा, डिपो एवं परिवहन सेवा, कबाड सेवा एवं शव निस्तारण सेवा शामिल है। इन सेवाओं से संबंधित अधिकारीगण नागरिक सुरक्षा के अधिकारियों से समन्वय कर समय से सहयोग देना सुनिश्चित करें।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सदर अंकुर वर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा कश्मीर सिंह, दिनेश कुमार, मौ0 आलम, बीएसएनएल, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।