नोएडा की अरण्य सोसाइटी में AC ब्लास्ट से भीषण आग
21वीं मंजिल के दो फ्लैट चपेट में आए
उत्तर प्रदेश के नोएडा स्थित एक हाईराइज सोसाइटी में सोमवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। सेक्टर-119 स्थित अरण्य (The Aranya) सोसाइटी के 21वें फ्लोर पर स्थित एक फ्लैट में आग लगने की घटना सामने आई है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
AC ब्लास्ट को माना जा रहा आग लगने का कारण
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली अरण्य सोसाइटी की है। बताया जा रहा है कि फ्लैट में लगे एयर कंडीशनर (AC) में विस्फोट होने के बाद आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया।
दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने के अभियान में जुटी रहीं। अब तक इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।
दो फ्लैटों तक पहुंची आग की लपटें
जानकारी के मुताबिक, AC में हुए विस्फोट के बाद आग सबसे पहले 21वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी और बाद में इसकी चपेट में कम से कम दो फ्लैट आ गए। राहत की बात यह रही कि समय रहते बचाव कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे किसी बड़ी जनहानि की खबर सामने नहीं आई है। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया घटना का संज्ञान
नोएडा की अरण्य सोसाइटी में लगी आग की घटना का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) के अनुसार, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि यदि कोई घायल है तो उसे तुरंत उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही प्रशासन को सभी स्तरों पर सतर्कता बरतने और राहत कार्यों की निरंतर निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली के केशवपुरम में भी लगी रिहायशी इमारत में आग
इस बीच, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के केशवपुरम इलाके में भी एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, सोमवार तड़के लगी इस आग के दौरान बचाव दल ने छत पर फंसे तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
आग पर काबू पाने के लिए चार दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था और सुबह करीब तीन बजे तक स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ गई। इस घटना में भी किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड