माओवादियों ने नारायणपुर के डीहीपारा-ओकपाड़ के जंगल में किया आईईडी ब्लास्ट
सुरक्षा बल एवं सभी जवान सुरक्षित हैं
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
नारायणपुर, देश के सबसे नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में से एक नारायणपुर, छत्तीसगढ़ में पुलिस द्वारा लगातार सघन नक्सल विरोधी अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी के तहत कैम्प मोहंदी से जिला पुलिस बल, 53वीं वाहिनी आईटीबीपी के संयुक्त बल की टीम एरिया डॉमिनेशन ड्यूटी पर ग्राम डीहीपारा, ओकपाड़ की ओर रवाना हुई थी। जब सुरक्षा बल मोहंदी से कस्तुरमेटा क्षेत्र के एरिया का सर्चिंग कर आगे बढ़ रही थी तभी डीहीपारा-ओकपाड़ के बीच जंगल में माओवादियो द्वारा सुरक्षा बलों को गंभीर नुकसान पहुंचाने की नीयत से आईईडी ब्लास्ट किया गया। इस आईईडी विस्फोट से सुरक्षा बल को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है एवं सभी जवान सुरक्षित हैं।
ग़ौरतलब है कि इसके पहले भी माओवादियों ने इसी प्रकार आईईडी विस्फोटक लगाया था जिसमें आईईडी कुछ ग्रामीण घायल हो गए थे।
इस दौरान मौके से विस्फोट के उपयोग के लिये सुरक्षा बलों के द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए लोहे का पाईप, बिजली वायर एवं विस्फोटक के अवशेष को बरामद किया है।
यह मामला थाना कोहकामेटा क्षेत्र का है, क्षेत्र में संचालित नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलताएं मिल रही है एवं उनके गढ़ कहे जाने वाले ठिकानों को ध्वस्त किये जाने से माओवादी बौखलाहट में आकर लुकछिप कर ऐसी कायराना हरकत कर आईईडी ब्लास्ट कर रहे हैं।