पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 167 डीएसपी की बदली जिम्मेदारी, पटना को मिले 3 नए एसपी
संवेदनशील 43 अनुमंडलों में एक-एक अतिरिक्त एसडीपीओ की प्रतिनियुक्ति
CURATED BY – Chandan Kumar Chaubey | CITYCHIEFNEWS
पटना, बिहार पुलिस में बड़ा फेरबदल हुआ है। गृह विभाग ने बिहार पुलिस सेवा के 167 पुलिस अधिकारियों का गुरुवार की रात तबादला कर दिया। इनमें एक दर्जन से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों को पुलिस अधीक्षक की बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पटना में भी डेढ़ दर्जन डीएसपी पदाधिकारी बदल गए हैं। इसके अलावा हाल ही में इंस्पेक्टर से डीएसपी का उच्चतर प्रभार पाने वाले करीब आठ दर्जन पदाधिकारियों का भी नव पदस्थापन किया गया है। विभाग ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है। पटना को तीन नए एसपी मिले हैं। बीसैप- 14 के डीएसपी रहे संजय कुमार को पटना का एसपी (विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा), गया के वजीरजगंज के एसडीपीओ सतीश कुमार को पटना का एसपी (प्रशासन) जबकि पदस्थापन की प्रतीक्षा में रहे संतोष कुमार को एसपी (अपराध) की नई जिम्मेदारी दी गई है। रहमत अली को पटना का नया एएसपी बनाया गया है। इसके अलावा मो. अली अंसारी को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पटना, कैलाश प्रसाद को एसपी वितंतु, अंजनी कुमार को एसटीएफ एसपी, रंजन कुमार को बीसैप-9, जमालपुर का समादेष्टा, निर्मला कुमारी को एसपी सीआइडी, ममता कल्याणी को एसपी बिहार मानवाधिकार आयोग और इम्तेयाज अहमद को एसपी एसटीएफ की जिम्मेदारी दी गई है। अजय नारायण यादव को सिमुलतला पुलिस प्रशिक्षण केंद्र का नया प्राचार्य बनाया गया है। उपेंद्र प्रसाद को एसपी कार्मिक-एक, शशि शंकर कुमार को एसपी कार्मिक-दो जबकि कुंदन कुमार को बिहार पुलिस मुख्यालय में एसपी मुख्यालय का पद दिया गया है। गृह विभाग ने अपराध को लेकर संवेदनशील 43 अनुमंडलों में एक-एक अतिरिक्त एसडीपीओ की प्रतिनियुक्ति की है। इनमें पटना के साथ बेतिया, छपरा, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, गया, जहानाबाद, नवादा, सासाराम, आरा, रोहतास आदि जिलों के अनुमंडल शामिल हैं। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक जिलों के डीएसपी मुख्यालय भी बदल गए हैं। पटना में दो ट्रैफिक डीएसपी भी बदल गए हैं। इसके अलावा निगरानी अन्वेषण ब्यूरो, आतंकवाद निरोधक दस्ता, एसटीएफ में भी नए डीएसपी की प्रतिनियुक्ति की गई है।