रेलवे पेंशनभोगियों को बड़ी राहत
30 नवंबर तक चलेगा डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0
उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा पेंशनभोगियों की सुविधा और पेंशन सेवाओं को सरल एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) अभियान-5.0 का शुभारंभ किया गया। इस अभियान के माध्यम से रेलवे पेंशनभोगियों को डिजिटल माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी श्री अमित सुदर्शन के अनुसार डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (DLC) अभियान-5.0 का शुभारंभ उत्तर पश्चिम रेलवे के लेखा एवं कार्मिक विभाग द्वारा संयुक्त रूप से वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी डॉ. विष्णु बजाज तथा मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री विनोद कुमार की अध्यक्षता में किया गया। इस अवसर पर उप मुख्य लेखाधिकारी श्री केसरी मीना, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्रीमती हीना अरोड़ा, सहायक वित्त सलाहकार श्री सुरेश कुमावत, सहायक कार्मिक अधिकारी श्री भारत भूषण सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बैंकिंग क्षेत्र की भागीदारी भी रही। भारतीय स्टेट बैंक के उप महाप्रबंधक श्री प्रणव कुमार मिश्रा, पंजाब नेशनल बैंक की AGM श्रीमती सन्यासिनी पटनायक, बैंक ऑफ बड़ौदा के AGM श्री अनुज अवस्थी सहित विभिन्न बैंकों के अधिकारियों ने सहभागिता की।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर लगभग 50 पेंशनभोगियों ने मौके पर ही अपने लाइव डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर जारी किए। यह अभियान उत्तर पश्चिम रेलवे के सभी मंडलों में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पेंशनभोगियों को इस सुविधा का लाभ मिल सके।
अब पेंशन कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र प्रणाली के माध्यम से पेंशनभोगियों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए पेंशन कार्यालयों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं होगी। इससे विशेष रूप से वरिष्ठ नागरिकों और दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले पेंशनभोगियों को सुविधा मिलेगी।
*DLC अभियान-5.0 की प्रमुख पहलें*
अभियान को अधिक प्रभावी और सुविधाजनक बनाने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा कई व्यवस्थाएं की गई हैं—
• विशेष शिविरों का आयोजन: रेलवे कार्यालयों, स्टेशनों एवं स्वास्थ्य इकाइयों में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र शिविर लगाए जाएंगे।
• प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहायता: पेंशनभोगियों को डिजिटल प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए जाएंगे तथा हेल्पलाइन और ऑनलाइन सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
• स्वास्थ्य जांच की सुविधा: कुछ चयनित शिविरों में स्वास्थ्य जांच की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
• घर पर मिलेगी सेवा: अधिक आयु या स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण शिविरों तक नहीं पहुंच पाने वाले पेंशनभोगियों को घर पर ही सहायता दी जाएगी।
• हेल्पडेस्क एवं शिकायत निवारण: तकनीकी एवं अन्य समस्याओं के समाधान के लिए विशेष हेल्पडेस्क और शिकायत निवारण टीम उपलब्ध रहेंगी।
इस अवसर पर वित्त सलाहकार एवं मुख्य लेखाधिकारी डॉ. बजाज ने कहा कि उत्तर पश्चिम रेलवे अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने सभी पेंशनभोगियों से अभियान में भाग लेकर इसका लाभ उठाने की अपील की।
30 नवम्बर तक चलेगा अभियान
डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान-5.0 दिनांक 01 नवम्बर से 30 नवम्बर 2026 तक संचालित किया जाएगा। उत्तर पश्चिम रेलवे ने सभी पेंशनभोगियों से निर्धारित अवधि में अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की अपील की है, ताकि पेंशन का निर्बाध एवं समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित हो सके।अभियान की अधिक जानकारी के लिए पेंशनभोगी निकटतम रेलवे कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड