खंडवा, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर खंडवा स्थित दादाजी धूनीवाले दरबार में आयोजित होने वाले मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल की मांग पर भुसावल रेल मंडल द्वारा खंडवा–सनावद मेमू ट्रेन को 29 और 30 जुलाई को दादाजी मेला स्पेशल के रूप में चलाने की मंजूरी दी गई है।
मध्य रेल समिति सदस्य मनोज सोनी ने बताया कि खंडवा–सनावद मेमू ट्रेन प्रत्येक बुधवार और गुरुवार को मेंटेनेंस के लिए भुसावल भेजी जाती है, जिसके कारण इन दोनों दिनों में ट्रेन का नियमित परिचालन नहीं होता है। इस वर्ष दादाजी दरबार में गुरु पूर्णिमा का आयोजन बुधवार और गुरुवार को होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के खंडवा पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने भुसावल रेल मंडल के डीआरएम को पत्र भेजकर तथा दूरभाष पर चर्चा कर गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मेमू ट्रेन का विशेष संचालन करने की मांग की थी।
सांसद की मांग को रेलवे प्रशासन द्वारा स्वीकार करते हुए 29 और 30 जुलाई को खंडवा–सनावद मेमू ट्रेन के विशेष संचालन का परिपत्र जारी किया गया है। इससे गुरु पूर्णिमा मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को खंडवा आने-जाने में सुविधा मिलेगी।
यथावत समय-सारणी के अनुसार चलेगी ट्रेन
जानकारी के अनुसार खंडवा–सनावद दादाजी मेला स्पेशल मेमू ट्रेन 29 और 30 जुलाई को ट्रेन संख्या 01091/01092/01093/01094 के तहत संचालित होगी। ट्रेन का संचालन वर्तमान में सप्ताह में पांच दिन चलने वाली मेमू ट्रेन की यथावत समय-सारणी के अनुसार ही किया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रेलवे के इस निर्णय से दादाजी दरबार में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को आवागमन में राहत और सुविधा मिलने की उम्मीद है।