इंदौर में अग्नि सुरक्षा पर निगम की बड़ी कार्रवाई
157 होटल और भवनों में मिलीं खामियां; 32 किए सील
इंदौर, इंदौर नगर निगम ने शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की व्यापक जांच अभियान चलाते हुए कई होटल और व्यावसायिक भवनों में गंभीर अनियमितताएं उजागर की हैं। निगम की टीम द्वारा किए गए निरीक्षण में 157 भवनों और होटलों में या तो अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं मिले या फिर वे बंद और अनुपयोगी स्थिति में पाए गए। नियमों की अनदेखी करने वाले 32 भवनों को सील कर दिया गया है।
अपर आयुक्त प्रखर सिंह और आशीष पाठक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में सहायक यंत्री अंकेश बिरथरे तथा फायर ऑफिसर विनोद मिश्रा सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टीम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित होटलों और व्यावसायिक भवनों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा मानकों की स्थिति का आकलन किया।
फायर सेफ्टी सिस्टम की हुई जांच
निरीक्षण के दौरान भवनों में स्थापित फायर एक्सटिंग्विशर, फायर अलार्म सिस्टम, हाइड्रेंट सिस्टम, स्प्रिंकलर सिस्टम, आपातकालीन निकास मार्ग और इमरजेंसी लाइटिंग व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। कई स्थानों पर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं पाया गया, जबकि कुछ भवनों में उपकरण मौजूद होने के बावजूद कार्यशील नहीं थे।
जांच के दौरान सरवटे बस स्टैंड के सामने स्थित श्री गुरुकृपा होटल, होटल वैष्णव पैलेस, राजीव गांधी चौराहा क्षेत्र का होटल दी मीरा, होटल दी क्लीन इंदौर, नसिया रोड स्थित होटल दिलीप और होटल वैष्णव सहित कई भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं में गंभीर कमियां सामने आईं।
बेसमेंट के दुरुपयोग का भी खुलासा
निरीक्षण के दौरान कुछ भवनों में बेसमेंट का उपयोग स्वीकृत मानचित्र और अनुमति के विपरीत पाया गया। इस पर निगम ने संबंधित भवन स्वामियों और संचालकों को नोटिस जारी कर तीन दिन का समय दिया है। निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित अवधि के भीतर सभी कमियों को दूर कर अग्नि सुरक्षा उपकरणों को पूरी तरह कार्यशील बनाया जाए।
467 भवनों का सर्वे, 101 को नोटिस
नगर निगम के अनुसार अब तक शहर के विभिन्न जोन क्षेत्रों में कुल 467 भवनों का सर्वे किया जा चुका है। इनमें 305 भवनों में अग्नि सुरक्षा उपकरण और व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, जबकि 157 भवनों में गंभीर खामियां मिलीं।
निगम ने ऐसे भवन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अब तक 101 नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिन भवनों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था नहीं है या उपकरण बंद पाए गए हैं, उनके खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
32 भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई
नगर निगम ने बताया कि जांच के दौरान 32 ऐसे भवन चिह्नित किए गए, जहां अग्नि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नदारद थी या सुरक्षा उपकरण लंबे समय से बंद पड़े थे। लोगों की सुरक्षा को देखते हुए इन भवनों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड