कोलकाता के होटल वाली इमारत में भीषण आग
9 की मौत; चार साल का बच्चा भी शामिल
कोलकाता में बुधवार तड़के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में चार साल का बच्चा भी शामिल है। इमारत में कई होटल संचालित हो रहे थे। पुलिस के अनुसार आग रात करीब 1:45 बजे लगी। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और पुलिस तथा आपदा प्रबंधन की टीमों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, इमारत से करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट देने वाला अधिकारी निलंबित
सूत्रों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के तारापीठ स्थित होटल को फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट जारी करने के लिए आधार रिपोर्ट तैयार करने वाले स्टेशन ऑफिसर अभय चौधरी को अग्निशमन विभाग ने निलंबित कर दिया है।
मृतकों में बांग्लादेशी नागरिक भी
पश्चिम बंगाल के अग्निशमन मंत्री कौशिक चौधरी ने बताया कि मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हादसे में भारतीय नागरिकों के अलावा बांग्लादेशी नागरिकों की भी मौत हुई है। घटनास्थल का जायजा लेने के बाद मंत्री ने इमारत की खराब स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि यहां कई होटल संचालित किए जा रहे थे।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, नियमों की अनदेखी का आरोप
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई गई है, हालांकि वास्तविक कारण फोरेंसिक जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। मंत्री के मुताबिक, इमारत के प्रबंधन पर सुरक्षा और निर्माण संबंधी नियमों का पालन नहीं करने का आरोप है। होटल संचालन में भी कई तरह की अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है।
होटल मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार होटल का मालिक घटना के बाद से फरार है। न्यू मार्केट थाने में मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस ने आरोपी की तलाश में उसके आवास पर भी छापेमारी की है। जांच एजेंसियां आग की परिस्थितियों के साथ-साथ यह भी पता लगा रही हैं कि इमारत में अग्नि सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ था। मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के घटनास्थल का दौरा करने की संभावना है।
तारापीठ होटल अग्निकांड में भी गई थी 9 लोगों की जान
पश्चिम बंगाल में यह लगातार दूसरा बड़ा होटल अग्निकांड है। इससे पहले सोमवार तड़के बीरभूम जिले के तारापीठ में चार मंजिला होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में मेघालय के एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल थे। पुलिस ने होटल मालिक कल्याण पाल समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है और अग्नि सुरक्षा में हुई लापरवाही की जांच की जा रही है। आग सुबह करीब 4:30 बजे होटल के भूतल पर लगी थी। उस समय होटल में 43 लोग ठहरे हुए थे और अधिकांश लोग सो रहे थे। देखते ही देखते आग दूसरी मंजिल तक पहुंच गई और घना धुआं ऊपरी मंजिलों में भर गया, जिससे कई लोग कमरों में फंस गए।
देश
दुनिया
मनोरंजन
खेल
छत्तीसगढ
हरियाणा
दिल्ली
धार्मिक
व्यापार
टेक & ऑटो
शिक्षा
स्वास्थ्य
आंध्र प्रदेश
तेलंगाना
सिक्किम
ओड़िशा
झारखंड
असम
नागालैण्ड