लखनऊ. इस सीजन आईपीएल में बेखौफ होकर खेल रहे निकोलस पूरन और एडिन मार्करम की दमदार फिफ्टियों के दम पर लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 6 विकेट से हरा दिया है. लखनऊ की यह टूर्नामेंट में अब तक खेले 6 मैचों में यह चौथी जीत है, जबकि गुजरात की भी यह इतने ही मैचों में दूसरी हार है. दोनों टीमें अंकतालिका में दूसरे और तीसरे पायदान पर हैं.

मेजबान लखनऊ ने आज अपने घर में खेले गए इस मैच में टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया था. लेकिन गुजरात के कप्तान शुभमन गिल (60) और साई सुदर्शन (56) अपनी विस्फोटक शुरुआत से लखनऊ के होश उड़ा दिए थे. दोनों बल्लेबाजों ने 12 ओवर तक टीम का स्कोर 120 तक पहुंचा दिया था, जबकि टीम को अभी कोई झटका नहीं लगा था. यहां पारी के 13वें ओवर की शुरुआत में आवेश खान शुभमन गिल को आउट कर टीम को सफलता दिलाई तो लखनऊ ने इसे अपनी वापसी का रास्ता बना लिया.

अगले ही ओवर में सेट हुए साई सुदर्शन और वॉशिंग्टन सुंदर (2) को रवि विश्नोई ने चलता कर दिया. यहां से एक वक्त 220 के करीब जाती दिख रही गुजरात की पारी लड़खड़ा गई. अनुभवी बल्लेबाज जोस बटलर (16) भी फीके साबित हुए और लखनऊ के गेंदबाजों ने स्लॉग ओवरों में गुजरात को दबाव में डालकर 180 रनों पर रोक दिया.

181 रनों के जवाब में उतरी लखनऊ को एडिन मार्करम (58) और निकोलस पूरन की ताबड़तोड़ पारी ने आराम के साथ जीत की पटरी पर बनाए रखा. अंत में उसने तीन गेंद रहते छह विकेट से जीत दर्ज की. यह लखनऊ की टीम की लगातार तीसरी जीत है. मिचेल मार्श के नहीं होने पर ओपनिंग की जिम्मेदारी कप्तान ऋषभ पंत ने संभाली लेकिन वह 18 गेंदों में सिर्फ 21 रन ही बना पाए. लेकिन उन्होंने पावरप्ले में मार्करम का साथ दिया, जिसकी बदौलत टीम ने पावरप्ले में बिना कोई विकेट गंवाए 61 रन जोड़े.

इसके बाद निकोलस पूरन और मारक्रम ने दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़े. आयूष बदौनी (28*) ने एक छोर को संभाले रखा और अंतिम ओवर में छक्का जड़कर टीम को जीत दिला दी.