LIVE: बंगाल-बिहार सीमा के पास रेल हादसा
कंचनजंगा एक्सप्रेस को मालगाड़ी ने पीछे से मारी टक्कर; 15 की मौत, 60 से ज्यादा घायल
जान गंवाने वाले परिजनों को दिया जाएगा 10 लाख- रेल मंत्री
पश्चिम बंगाल ट्रेन हादसे पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पीड़ितों को बढ़ा हुआ मुआवजा दिया जाएगा। हादसे में जान गंवाने वाले परिजनों को 10 लाख रुपये और घायलों को 2.5 लाख दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि हादसे में जिन लोगों को मामूली चोटें आईं हैं उन्हें 50,000 रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।

5 यात्रियों और 3 रेलवे स्टाफ की हादसे में गई जान
रेलवे ने बताया कि इस हादसे में कुल 8 लोगों की मौत हुई है। इनमें 5 यात्री और 3 रेलवे के स्टाफ हैं। रेलवे स्टाफ में मालगाड़ी के ड्राइवर, असिस्टेंट ड्राइवर और कंचनजंगा एक्सप्रेस के गार्ड की जान गई है। रेलवे ने कहा कि घटना स्थल पर रेस्क्यू अभियान पूरा कर लिया गया है। रूट को क्लियर किया जा रहा है।
मृतक के परिजनों और घायलों को मुआवजे का एलान
रेल हादसे में जान गंवाने वाले परिजनों को पीएम मोदी ने मुआवजे का एलान किया है। प्रधानमंत्री कार्यलाय (PMO) ने एक्स पर बताया कि दार्जिलिंग रेल हादसे में जान गंवाने परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष की तरफ से 2 लाख और घायलों को 50 हजार रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
रेल हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल में हुए रेल हादसे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दुख जताया है। उन्होंने कहा कि इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे में जिन लोगों ने अपने परिजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं। साथ ही अमित शाह ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भगवान से प्रार्थना की है।
पीएम मोदी ने अधिकारियों से बात कर लिया जायजा
रेल हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर लिखा कि दार्जिलिंग में हुए रेल हादसे पर जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति गहरी संवेदना है। साथ ही पीएम मोदी ने घायलों के जल्द ठीक होने की भगवान से प्रार्थना की है। पीएम मोदी ने बताया कि हादसे पर उन्होंने अधिकारियों से बात की और स्थिति का जायजा लिया है। प्रभावितों की सहायता के लिए बचाव अभियान जारी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्ण दुर्घटना स्थल पर जा रहे हैं।
ट्रेन हादसे पर राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
पश्चिम बंगाल ट्रेन हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुख जताया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर उन्होंने लिखा कि वह दार्जलिंग में हुए ट्रेन हादसे से बेहद दुखी हैं। उनकी संवेदनां मृतक के परिजनों के साथ हैं। इसके साथ ही राष्ट्रपति मुर्मू ने घायलों को शीघ्र स्वस्थ होने की भगवान से प्रार्थना की है।
बिहार-बंगाल की सीमा के पास ट्रेन हादसा हुआ है। सियालदाह जा रही कंचनजंगा एक्सप्रेस (13174) को पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में कंजनजंगा एक्सप्रेस के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। हादसे के बाद हड़कंप मच गया। रेलवे की टीम जांच में जुट गई है। बताया जा रहा है कि रंगा पानी और निजबाड़ी के पास हुए हादसे में तीन बोगियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। रेलवे की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है। घायल यात्रियों को बाहर निकाला जा रहा है। हादसे में पांच लोगों की मौत की बात सामने आ रही है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक रॉय ने कहा कि स्थिति अभी गंभीर है। कंचनजंगा एक्सप्रेस को एक मालगाड़ी ने पीछे से टक्कर मार दी। घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। 30 लोग घायल हुए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अचानक पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मार दी
स्थानीय लोगों का कहना है कि बहुत बड़ा हादसा हुआ है। निजबाड़ी से कुछ दूर पहले ट्रेन खड़ी थी। अचानक पीछे से मालगाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दो बोगी एक-दूसरे के ऊपर चढ़ गई। वहीं मालगाड़ी का एक डिब्बा हवा में ऊपर उठ गई। वहीं हादसे के बाद रेल परिचालन ठप है। इधर, रेलवे की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी की गई है। रेलवे ने कहा कि 03323508794 और 03323833326 पर कॉल कर अपने परिजनों या अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
अचानक पीछे से तेज झटका लगा
यात्रियों का कहना है कि हमलोग ट्रेन में बैठकर बातचीत कर रहे थे। अचानक पीछे से तेज झटका लगा। जब तक कुछ समझ पाते ट्रेन में भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। यात्रियों के चीखने चिल्लाने की आवाज जा रही थी। इसके बाद हमलोगों ने बाहर निकलकर देखा तो ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हो गई थीं।
रेल मंत्री ने इस रेल दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया
हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इस रेल दुर्घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा, "एनएफआर जोन में दुर्भाग्यपूर्ण हादसा। बचाव कार्य जारी है। रेलवे, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ एकसाथ मिलकर काम कर रहे हैं। घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जा रहा है। वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर
पहुंच चुके हैं।"