Curated by – NAVIN MEHAR | CITYCHIEFNEWS

धार, धार शहर में सर्वसुविधायुक्‍त बस स्‍टैंड निर्माण के लिए 10 मई को भूमिपूजन होना है। इस भूमिपूजन कार्यक्रम में फिजूलखर्ची का आरोप कांग्रेस पार्षदों ने लगाए है। नपा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधियों ने मंगलवार को प्रेसवार्ता लेकर नगर पालिका अध्‍यक्ष, उपाध्‍यक्ष और अधिकारियों पर फिजूलखर्ची के आरोप लगाए। नेता प्रतिपक्ष कुरैशी ने कहा कुशाभाऊ ठाकरे बस स्‍टैंड निर्माण का भूमिपूजन सीएम शिवराजसिंह चौहान पीथमपुर में एक कार्यक्रम के दौरान कर चुके है। इसके बावजूद भाजपा की परिषद अब दोबारा भूमिपूजन के नाम पर कार्यक्रम कर फिजूलखर्ची कर रही है।

यहां अनिल प्‍लॉजा में नेता प्रतिपक्ष करीम कुरैशी ने कांग्रेस पार्षद ईश्‍वर ठाकुर, प्रतिनिधि अजय ठाकुर, बंटी डोड, मनीष कन्‍नौज के साथ प्रेसवार्ता ली। इसमें उन्‍होंने संयुक्‍त रूप से बताया कि नपा के पास सफाईकर्मियों को जरूरी सामान देने के लिए पैसे नहीं है। कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसा नहीं है। लेकिन अनावश्‍यक खरीदी और कार्यक्रम के लिए पैसा खर्चा जा रहा है। धार को नंबर-1 बनाने के लिए काम करने वाले कर्मचारियों के पास न ग्‍लब्‍स है, न जैकेट और हेलमेट है और न ही सफाई के लिए जरूरी खुरपे और अन्‍य संसाधन है। जबकि दूसरी तरफ 10 लाख रुपए की कुर्सियां और हजारों रुपए खर्च कर फलैक्‍स लगवाए जा रहे है।

कांग्रेस नेता व नेता प्रतिपक्ष कुरैशी ने कहा नपा द्वारा फलैक्‍स बाजी की जा रही है। इसमें भी भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जो जनप्रतिनिधि ही नहीं है उनके फोटो लगाकर राजनीति की जा रही है। कुरैशी ने कहा विकास का विरोध न तो किया है और न ही कभी कांग्रेस के 9 पार्षद करेंगे। लेकिन भाजपा के अध्‍यक्ष-उपाध्‍यक्ष द्वारा जो विकास के नाम पर फिजूलखर्ची कर रहे है, उसका विरोध कर रहे है। उन्‍होंने कहा कि विकास के नाम पर जो फलैक्‍स लगाए गए है, उसमें पूरी परिषद के पार्षदों के फोटो शामिल किए जाए। जैसा पहले की परिषदों में होता आया है। लेकिन अभी जिन पार्षदों के वार्ड में बस स्‍टैंंडआता है, उन्‍हें ही दरकिनार किया जा रहा है।