सपा के आजीवन प्रदेश अध्यक्ष रहे स्व. रामशरण दास के पुत्र जगपाल दास गुर्जर सपा को बडा झटका देते हुए समर्थकों सहित रालोद में हुए शामिल
जगपाल दास गुर्जर ने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के समक्ष नई दिल्ली में रालोद की सदस्यता ग्रहण की
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, लोकसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच सपा के आजीवन प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे स्वर्गीय चौधरी रामशरण दास के पुत्र जगपाल दास गुर्जर सपा को बडा झटका देते हुए समर्थकों सहित रालोद में शामिल हो गए है। उन्होंने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी जयंत सिंह के समक्ष नई दिल्ली में रालोद की सदस्यता ग्रहण की। सपा के संस्थापक सदस्याें में शामिल स्वर्गीय रामशरण दास के पुत्र जगपाल दास ने समाजवादी पार्टी को छोड़कर रालोद का दामन थाम लिया है। वह काफी दिनों से सपा में हाशिए पर थे। पार्टी में अपनी उपेक्षा के चलते उन्होंने दो दिन पहले समाजवादी पार्टी और जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से ही उनके राष्ट्रीय लोकदल में जाने की चर्चाएं चल रही थीं। आज सपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रहे जगपाल दास गुर्जर ने अपने समर्थकों के साथ नई दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में रालोद की सदस्यता ग्रहण की। उनके पार्टी बदलने को सपा के लिए झटका माना जा रहा है। माना जा रहा है कि
जगपाल दास के पार्टी में शामिल होने से जनपद में ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश में राष्ट्रीय लोकदल को मजबूती मिलेगी।