बस्तर ओलंपिक 2024 हेतु पंजीयन की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर
खिलाड़ी स्वयं ऑनलाइन कर सकते हैं पंजीयन
CURATED BY – GANESH VAISHNAV | CITYCHIEFNEWS
(छत्तीसगढ़) नारायणपुर, छत्तीसगढ़ शासन द्वारा परंपरागत खेलों को बढ़ावा देने और बस्तर क्षेत्र के जनजातीय युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक 2024 का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन के तहत खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी के रूप में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। कलेक्टर श्री बिपिन मांझी ने अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि बस्तर ओलंपिक के बारे में अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी पंजीयन करा सकें। बस्तर ओलंपिक हेतु एक समिति का गठन किया गया है, जिसमें विकासखण्ड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जिला स्तर पर कलेक्टर और संभाग स्तर पर कमिश्नर अध्यक्ष होंगे।
प्रतिभागियों के लिए नियम और पंजीयन की प्रक्रिया
बस्तर ओलंपिक में 14 से 17 वर्ष और 17 से अधिक आयु वर्ग के युवक-युवतियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं होंगी। माओवादी प्रभावित दिव्यांग और आत्मसमर्पित माओवादी खिलाड़ियों के लिए विशेष प्रतियोगिताएं संभाग स्तर पर आयोजित की जाएंगी। विजेता खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, ट्रॉफी, शील्ड और नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ी 20 अक्टूबर 2024 तक विकासखण्ड कार्यालय, जनपद पंचायत, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नगरपालिका परिषद या जिला खेल अधिकारी कार्यालय में ऑफलाइन पंजीयन करा सकते हैं। खिलाड़ी https://rymc.cg.gov.in/BastarOlympics2024/district/dashboard लिंक के माध्यम से स्वयं भी पंजीयन कर सकते हैं। पंजीयन प्रक्रिया के लिए प्रतिभागियों को सामान्य जानकारी, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक खाता विवरण और हस्ताक्षर का फोटो अपलोड करना होगा। दलीय खेल विधा के प्रतिभागियों को एक साथ पंजीयन करना अनिवार्य होगा, जबकि एकल खेल विधा के प्रतिभागी अलग से पंजीयन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता की तिथियां और खेल विधाएं
विकासखण्ड स्तर की प्रतियोगिताएं 1 से 10 नवंबर, जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 22 नवंबर, और संभाग स्तरीय प्रतियोगिताएं 25 से 30 नवंबर के बीच आयोजित की जाएंगी। प्रमुख खेलों में एथलेटिक्स, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल, रस्साकसी, हॉकी और वेटलिफ्टिंग शामिल हैं।