पर्यटन के दौरान प्राकृतिक स्थलों को स्वच्छ रखें: कलेक्टर श्री जैन
राष्ट्रीय पर्यटन दिवस पर बच्चों ने की ट्रेकिंग
Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, राष्ट्रीय पर्यटन दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति संवर्धन परिषद के तत्वावधान में स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रकृति को नजदीक से जानने के उद्देश्य से ट्रेकिंग करायी गई। इसका शुभारंभ नगर के मां राजराजेश्वरी मंदिर प्रांगण से हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर दिनेश जैन, वनमण्डलाधिकारी मयंक चांदीवाल, अनुविभागीय अधिकारी नरेन्द्रनाथ पाण्डेय, उपाध्यक्ष नगरपालिका संतोष जोशी, तहसीलदार सुनील जायसवाल, डाॅ. जगदीश भावसार, आशीष नागर भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि पर्यटन करना और प्रकृति के बीच पहुंचना अच्छी बात है, किन्तु पर्यटक आमतौर पर प्राकृतिक स्थलों पर प्लास्टिक एवं अन्य प्रकार का कचरा छोड़कर आ जाते हैं, इससे पर्यावरण प्रदुषित होता है। पर्यटकों को हमेशा ध्यान रखना चाहिये कि वे पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखें, गंदगी नहीं फैलाएं। कलेक्टर ने सभी बच्चों से कहा कि वे अपने जिले के बारे में जाने और एतिहासिक स्थलों को देखें। साथ ही किसान खेतों में किस तरह काम करते हैं, किस तरह फसलों को उगाते हैं, कौन सी फसल कैसी दिखती है, इन सब बातों को भी पर्यटन में विद्यार्थी शामिल करें और नजदीक से जाकर देखें। डीएफओ चांदीवाल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग के लिए पर्यटन स्थलों पर अनावश्यक रूप से इकट्ठा हो रहा कार्बन है। हम जब भी पर्यटन पर जाएं तो हमें प्रकृति के प्रति जवाबदार बनना होगा। अपना कचरा साथ वापस लेकर आएं। पर्यटन स्थल पर जाकर किसी भी चीजों से छेड़छाड़ नहीं करें। साथ ही प्राकृतिक रूप से रहने वाले लोगों को भी पर्यटक बेवजह परेशान नहीं करें। सभी का आदर करें और पर्यटन का आनंद लें। इस मौके पर डाॅ. जगदीश भावसार ने शाजापुर के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डाला। आशीष नागर ने राजराजेश्वरी मंदिर के ऐतिहासिक पहलुओं से अवगत कराया। ट्रेकिंग में विभिन्न विद्यालयों के 44 विद्यार्थी शामिल हुए। ट्रेकिंग के दौरान पशु-पक्षी, पेड़-पौधों आदि की जानकारी डिप्टी रेंजर अशोक सिंह बघेल द्वारा दी गई। इस मौके पर रेंजर शिवप्रसाद मैथानी, पटवारी ललित कुम्भकार भी उपस्थित थे। जिला पुरातत्व पर्यटन एवं संस्कृति संवर्धन परिषद की ओर से डाॅ. फहीम खान ने बच्चों को ट्रेकिंग करवाई।