CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा है कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के सतत् संपर्क में रहें, आपसी समन्वय को सर्वाेच्च प्राथमिकता दें। इससे योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन के बेहतर परिणाम मिलेंगे । उन्होंने कहा कि वर्तमान जिला चिकित्सालय कटनी के वर्तमान 350 बेड की क्षमता को बढ़ाकर 500 बिस्तरीय करनें सहित अन्य सभी विभागों के राज्य स्तर से स्वीकृत होने वाले प्रस्तावों को कलेक्टर के माध्यम से तत्काल भिजवाना सुनिश्चित करें। यह निर्देश प्रदेश के परिवहन व स्कूल शिक्षा और कटनी जिले के प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने शनिवार को कटनी प्रवास के दौरान कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अधिकारी ऐसी कार्य पद्धति विकसित करें ताकि आम जन मानस में सरकार के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण बने और यह तभी संभव है ,जब जनप्रतिनिधियों के साथ अधिकारियों का सतत् संवाद रहेगा। लोगों और उनके क्षेत्र में संचालित होने वाले निर्माण एवं विकास कार्यों के संबंध में प्राप्त सुझाव और मार्गदर्शन विकास कार्याे में महत्पूर्ण भूमिका अदा करेगा। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रत्येक विभाग दो माह में कम से कम एक बार विधायकों के साथ बैठक करें। अगली बार से समीक्षा के साथ -साथ विकास एवं निर्माण कार्याे का मौका मुआयना करने स्थल निरीक्षण किया जायेगा। विशेषकर जनता से सीधे सरोकार रखने वाले विभाग जैसे शिक्षा, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग प्रमुख है।
समीक्षा बैठक के दौरान विधायक मुड़वारा संदीप श्रीप्रसाद जायसवाल, विधायक बहोरीबंद प्रणय प्रभात पांडे, विधायक बड़वारा  धीरेन्द्र बहादुर सिंह,  महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव, जिला योजना समिति के सदस्य भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक टंडन सोनी, सांसद श्री प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, पुलिस अधीक्षक श्री अभिजीत कुमार रंजन, वन मंडलाधिकारी श्री गौरव शर्मा, सीईओ जिला पंचायत एवं आयुक्त नगर निगम श्री शिशिर गेमावत सहित अन्य जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
छात्रों का नामांकन बढायें
प्रभारी मंत्री श्री सिंह ने स्कूलों और कालेजों मे छात्रों के दाखिले की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि स्कूलों मे अभी 30 सितंबर तक भर्ती का कार्य जारी है, इस दौरान अधिक से अधिक छात्रों को दाखिला करायें इसी प्रकार उन्होंने शासकीय तिलक महाविद्यालय के प्रतिनिधि को भी जिले के सभी शासकीय महाविद्यालयों में छात्रों का नामांकन दाखिला बढ़ानें का निर्देश दिया।