CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, कटनी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत झंडा बाजार स्थित चंद्रप्रभु दिगम्बर जैन मंदिर में हुई चोरी का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। जैन मंदिर में हुई चोरी में लिप्त 2 आरोपियों से मंदिर की दान पेटी व रकम बरामद की गई है।
पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश करते हुए कोतवाली थाना प्रभारी आशीष शर्मा ने बताया कि 26 अगस्त 2024 को प्रार्थी अनिल सिंघई निवासी रघुनाथगंज कटनी ने कोतवाली ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए यह जानकारी दी की 25-26 अगस्त की दरम्यिानी रात में अज्ञात चोरों ने दिगम्बर जैन मंदिर में पीछे से घुसकर पहली मंजिल में रखी दान पेटी को चोरी कर लिया है। जिसमें अनुमानित दान राशि 10 से 15 हजार रूपये रही होगी। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली कटनी में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जैन मंदिर में चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने गुलशन वैष्णव बैरागी और रोशन वैष्णव बैरागी दोनों ग्राम घाट सिमरिया थाना सिहोरा जिला जबलपुर को गिरफ्तार कर थाना लाया गया। दोनों आरोपी आपस में सगे भाई है जिनके विरुद्ध अन्य थानों में चोरी, मारपीट के प्रकरण पंजीबद्ध होना पाए गए है। आरोपियों से घटना के संबंध में पूंछताछ करने पर बताया कि उन्होनें चार दिन पहले मंदिर के आसपास की रैकी की थी, जो मंदिर के पीछे का लकड़ी का दरवाजा टूटा हुआ था और उन्हें इस बात की भी जानकारी लगी थी कि जैन मंदिरों की दान पेटियों में काफी पैसा रहता है। इसी कारण जैन मंदिर को निशाना बनाया था आरोपियों ने यह भी बताया कि दान पेटी में लगभग 19-20 हजार रूपये निकले थे जिसे दोनों भाईयों ने आपस में बांट लिए थे। चोरी किए गए पैसों में से आरोपी गुलशन वैष्णव से 1170 रू व रोशन वैष्णव से 1540 रू कुल 2710 रू जप्त किए गए है। शेष पैसा खाने-पीने में खर्च होना बताए है।