महिला दिवस पर कबीर फाउंडेशन का आयोजन
विशिष्ट महिलाओं का किया गया सम्मान
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कबीर फाउंडेशन के तत्वाधान में राष्ट्रीय नारी शक्ति सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेल, सामाजिक गतिविधि, प्रशासनिक क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करने वाली नारी शक्ति का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के अतिथि देवास शाजापुर लोकसभा सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, क्षेत्रीय विधायक अरुण भीमावद, तराना विधानसभा विधायक महेश परमार, भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ रवि पांडे, अखिल भारतीय समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष सोहनलाल वर्मा, पद्मश्री कालूराम बामनिया, पद्मश्री भेरूसिंह चौहान रहे, जिन्होने बाबा साहब भीमराव अंबेडकर एवं राष्ट्र माता सावित्रीबाई फुले की चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम की शुरूआत की। कार्यक्रम में पंचक मार्शल आर्ट की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी लक्ष्मी मालवीय जो कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पांच गोल्ड मेडल जीत चुकी हैं और भारत सरकार की बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ स्लोगन की मध्य प्रदेश के ब्रांड एंबेसडर हैं उनका सम्मान कबीर फाउंडेशन के द्वारा किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सोलंकी ने कहा कि महिला दिवस के पर आज हमें मातृ शक्तियों को बराबर का दर्जा देने की आवश्यकता है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे को आगे ले जाते हुए समाज के हर क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करना होगी, ताकि वह आगे बढक़र परिवार समाज और देश का नाम रोशन कर सकें। क्षेत्रीय विधायक भीमावद ने कहा कि सामाजिक समरसता को ध्यान में रखते हुए समाज के सभी वर्गों को साथ में लेकर महिलाओं की भागीदारी को और बढ़ाना होगा। विधायक महेश परमार ने कहा कि नारी शक्ति को केवल बोलने से सम्मान नहीं प्राप्त होता, अपितु समाज को उन्हें बराबर की भागीदारी और सम्मान देना होगा तभी हम बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के सपने को साकार कर पाएंगे। भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ रवि पांडे ने कहा कि सनातन संस्कृति में प्राचीन काल से ही मातृशक्ति को सम्मान देने की परंपरा रही है और यह परंपरा आज भी हमारी सनातन संस्कृति में कायम है और आगे भी हमेशा कायम रहेगी। कबीर फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिलीपसिंह बामनिया ने कहा कि नारी शक्ति का सम्मान मां शक्ति के सम्मान के बराबर ही होता है, केवल नवरात्रि में 9 दिन माता की आराधना करने से हम नारी को सम्मान नहीं दे सकते। हमें सदैवे उनके लिए आदर और सम्मान का भाव रखना चाहिए। यह कार्यक्रम केवल नारी शक्ति सम्मान के लिए नहीं, समस्त नारी शक्ति के लिए समाज में प्रेरणा उत्पन्न हो इसलिए आयोजित किया जाता है। कार्यक्रम को पद्मश्री भेरूसिंह चौहान और पदम कालूराम बामनिया ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में गीता पराग सास बहू की जोड़ी और दुर्गा मालवीय के द्वारा सुमधुर गीतों की प्रस्तुति दी गई। मंचासीन अतिथियों के द्वारा राष्ट्रीय खेलों में पदक प्राप्त रानी नायक, रीता अगरिया, महक बामनिया, मेघा परमार सहित विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत नारी शक्ति को सम्मानित किया गया। संचालन राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल मालवीय ने किया तथा आभार नारायण सिंह मालवीय ने माना।