नई दिल्ली. पेरिस ओलंपिक में आज भारत को अपने पहले गोल्ड मेडल की उम्मीद है. टोक्यो ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा पर सबकी नजरें होंगी. रात 11.55 में जैवलिन थ्रो फाइनल खेला जाना है. क्वालीफायर में भारतीय स्टार ने पहले ही थ्रो में 89 मीटर भाला फेंकते हुए अपनी जगह फाइनल में पक्की की थी. पाकिस्तान के नदीम अरशद भी मेडल की अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं. ऐसे में पेरिस ओलंपिक में आज भारत और पाकिस्तान के बीच टक्कर देखने मिलने वाली है.

भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी खेल में टक्कर मजेदार होती है. पूरी दुनिया की इस पर नजर होती है. कमाल की बात यह है कि चाहे क्रिकेट हो या फिर ओलंपिक भारतीय खिलाड़ी पाकिस्तान पर भारी पड़ते हैं. पेरिस ओलंपिक में भी भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच टक्कर देखने को मिलेगी. भारत के गोल्डन ब्वॉय नीरज चोपड़ा एक बार फिर से सोने पर निशाना साधेंगे तो वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम भी देश की झोली में मेडल डालना चाहेंगे.

नीरज और नदीम की टक्कर
पेरिस ओलंपिक के जैवलिन थ्रो क्वालीफिकेशन में भारत के स्टार नीरज चोपड़ा ने 89.34 मीटर की दूरी हासिल करते हुए फाइनल में जगह पक्का किया. वहीं पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 86.59 तक भाला फेंकते हुए अपने फाइनल का टिकट पक्का किया. अब आज रात 11.55 बजे ये दोनों ही एथलीट मेडल हासिल करने उतरेंगे.

अरशद पर भारी नीरज चोपड़ा
पाकिस्तानी खिलाड़ी अरशद नदीम पर भारतीय एथलीट नीरज चोपड़ा का रिकॉर्ड भारी पड़ता है. टोक्यो ओलंपिक में भारतीय स्टार ने गोल्ड मेडल जीता था जबकि अरशद 5वें स्थान पर रहे थे. नीरज ने वर्ल्ड चैंपियनशिप 2023, डायमंड लीग 2022, एशियन गेम्स 2018, 2022, कॉमनवेल्थ 2018, एशियन चैंपियनशिप 2017, साउथ एशियन गेम्स 2016 में गोल्ड मेडल जीता है. अरशद ने 2022 कॉमनवेल्थ गेम्स और साउथ एशियन गेम्स में गोल्ड जीता है.