एमपी के शहर में ओलावृष्टि के साथ हुई बारिश, फिर सर्द हुआ मौसम
मौसम विभाग का अनुमान आधा इंच तक हो सकती है बारिश, 29 तक ऐसा ही बना रहेगा मौसम
Curated by - Baghwan Das Beragi | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, मौसम ने एक बार फिर करवट बदलते हुए शहरवासियों को सर्दी का एहसास करा दिया। मंगलवार रात को शहर में हल्की ओलावृष्टि हुई और कुछ देर बाद बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि आगामी 29 तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा। इस दौरान आधा इंच से अधिक वर्षा हो सकती है।
जबकि कुछ दिन पहले ही लोगों को शीतलहर से राहत मिलनी शुरू हुई ही थी कि मंगलवार से फिर कड़ाके की ठंड का आगमन हो गया है। ठंड के चलते लोगों को अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मंगलवार रात को अचानक मौसम बदला और आसमान पर बादल छा गए जिसके चलते रात करीब 2.45 बजे आलू की साईज के ओले गिरना शुरू हो गए। इसके बाद कुछ देर बारिश शुरू हो गई। जो कुछ देर बाद जरूर थम गई लेकिन मौसम को सर्द कर गई। जिससे सुबह से आसमान पर बादल छाने के बाद भी लोगों को सर्दी का एहसास होता रहा। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार से अगले 4 दिनों तक आफत की बारिश होने के आसार हैं। जिले में आधा इंच तक बारिश होने की संभावना है। बारिश होने और बादल छाए रहने से एक बार फिर मौसम सर्द होगा। मौसम पर्यवेक्षक सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि 29 जनवरी तक जिले में भी बारिश के आसार हैं। बादल और बारिश की संभावनाओं के चलते अधिकतम तापमान में गिरावट शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 13.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। आगामी तीन चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश की संभावना बनी रहेगी। जिले में आधा इंच तक बारिश हो सकती है। तापमान में भी गिरावट आएंगी।
जारी रही बारिश तो होगा फसलों को नुकसान
मौसम विभाग के मुताबिक 29 जनवरी तक बारिश की संभावना है। इसके बाद भी यदि मौसम बना रहा तो 30 या 31 को भी बारिश हो सकती है। यदि ऐसा हुआ और बारिश का दौर लगातार जारी रहा तो फसलों को भारी नुकसान हो सकता है। खासकर गेहूं की फसल की बालियां जमीन पर आ सकती है जिससे फसल तबाह होने की संभावना बढ़ जाएगी।