अमेरिका द्वारा तीन परमाणु केंद्रों पर हमले का ईरान ने भी जवाब दे दिया है। ईरान ने सोमवार देर रात कतर में अमेरिकी एयरबेस अल उदीद पर मिसाइल हमला किया है। ईरान ने सरकारी टेलीविजन पर हमले की घोषणा करते हुए इसे अमेरिका की आक्रामकता के खिलाफ एक शक्तिशाली और कामयाब जवाब बताया। ईरान के इस हमले की कतर ने कड़ी निंदा की है। कतर के प्रधानमंत्री के सलाहकार और विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता माजिद अल अंसारी ने कहा कि कतर इस हमले के जवाब में उचित कार्रवाई का अधिकार रखता है। 

पीएम के सलाहकार अंसारी ने ईरानी हमले के बाद एक्स पर एक पोस्ट किया। उन्होंने कहा, 'कतर ईरानी रिवॉल्यूशनरी गार्ड द्वारा अल-उदीद एयरबेस को निशाना बनाकर किए गए हमले की कड़ी निंदा करता है। हम इसे कतर की संप्रभुता, हवाई क्षेत्र, अंतरराष्ट्रीय कानून और संयुक्त राष्ट्र चार्टर का घोर उल्लंघन मानते हैं। हम पुष्टि करते हैं कि कतर इस खुले हमले के जवाब में, अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत, जरूरी और उचित कार्रवाई करने का अधिकार रखता है।'

कतर की वायु रक्षा ने ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोका
अंसारी ने आगे कहा कि कतर की वायु रक्षा ने ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया। हमले में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर एयर बेस को पहले ही खाली कर दिया गया था। अंसारी ने चेतावनी दी कि इस तरह की आक्रामक सैन्य कार्रवाइयों के जारी रहने से क्षेत्र में सुरक्षा और स्थिरता कमजोर हो जाएगी, जिससे अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए विनाशकारी परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी सैन्य कार्रवाइयों को तत्काल रोकने और वार्ता की मेज और संवाद पर गंभीरता से लौटने का आह्वान करते हैं।
 
शांति सुनिश्चित करने के लिए बातचीत ही एकमात्र तरीका
अंसारी ने आगे कहा कि कतर क्षेत्र में इस्राइल के बढ़ते खतरे के खिलाफ चेतावनी देने वाले पहले देशों में से एक था। हमने लगातार कूटनीतिक समाधानों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया है और अच्छे पड़ोसी होने और तनाव को बढ़ने से बचने के महत्व पर जोर दिया है। हम इस बात की पुष्टि करते हैं कि मौजूदा संकटों को दूर करने और क्षेत्र की सुरक्षा और इसके लोगों की शांति सुनिश्चित करने के लिए बातचीत ही एकमात्र तरीका है।