CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर । देवबंद, दून वैली पब्लिक स्कूल देवबंद में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया। इस विशेष अवसर पर विद्यालय के समस्त छात्र, शिक्षक और अन्य स्टाफ सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चैयरमैन राजकिशोर गुप्ता व मैनेजर श्रीमति सुमन सिंघल ने दीप प्रज्वलित कर किया। योग दिवस के इस अवसर पर विद्यालय में विभिन्न प्रकार की योग क्रियाओं का प्रदर्शन किया गया। योग विशेषज्ञ और विद्यालय के योग शिक्षकों जावेद चौधरी, अनिल मुकुंद ने बच्चों को विभिन्न योगासन सिखाएं और उनके महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने योग के फायदों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से न केवल शारीरिक स्वास्थ्य सुधरता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्राप्त होता है।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रार्थना और ध्यान सत्र आयोजित किया गया। जिसमें सभी उपस्थित लोगों ने भाग लिया और मानसिक शांति का अनुभव किया। इसके बाद सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, शलभासन, धनुरासन आदि विभिन्न आसनों का अभ्यास कराया गया। बच्चों ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ इन आसनों का अभ्यास किया।
इस अवसर पर विद्यालय के कुछ छात्र-छात्राओं ने योग पर आधारित सुंदर प्रस्तुतियाँ भी दीं। उन्होंने अपने प्रदर्शन के माध्यम से योग के विभिन्न आसनों और उनके लाभों को दर्शाया। बच्चों की इन प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विद्यालय के खेल शिक्षकों  जावेद चौधरी, अनिल मुकुंद, आशुतोष अग्रवाल और श्रीमती कामिनी ने भी बच्चों को योगाभ्यास के दौरान सही तरीके और सावधानियों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योगाभ्यास करते समय शारीरिक क्षमता और सीमाओं का ध्यान रखना चाहिए और धीरे-धीरे अभ्यास में प्रवीणता प्राप्त करनी चाहिए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के चैयरमैन राजकिशोर गुप्ता ने अपने संबोधन में योग के महत्व को रेखांकित किया और बच्चों को नियमित रूप से योग करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है और यह हमारे शारीरिक, मानसिक और आत्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है। हमें अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए ताकि हम स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकें । उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से बच्चों का ध्यान और एकाग्रता बढ़ेगी, जो उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों में भी सहायक होगी। सभी उपस्थित लोगों को धन्यवाद दिया और बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं।