सांस्कृतिक गतिविधियों में दिखी भारतीय संस्कृति
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर समारोह का आयोजन
CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS
शाजापुर, मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 01 नवम्बर पर शुक्रवार को स्थानीय गांधी हॉल शाजापुर में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सर्वप्रथम कलेक्टर ऋजु बाफना ने नगरपालिका परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थितजनों द्वारा राष्ट्रगान गाया, यहां सशस्त्र पुलिस बल द्वारा ध्वज को सलामी दी गई। गांधी हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए, जिसमें विधायक अरूण भीमावद, जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराजसिंह सिसोदिया, अशोक नायक, नगरपालिका उपाध्यक्ष संतोष जोशी, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ विवेक दुबे, जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी नीलम चौहान, जिला कोषालय अधिकारी जीएल गुवाटिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद थे। इस दौरान विधायक भीमावद ने संबोधित करते हुए कहा कि विकसित मध्यप्रदेश की अवधारणा पर काम करते हुए वर्तमान में प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। प्रदेश में सडक़ों का जाल बिछा है, जिससे आवागमन आसान हुआ है। वहीं प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार हुआ है जिसके परिणाम स्वरूप कृषि उत्पादन के क्षेत्र में प्रदेश अग्रणी है। शाजापुर जिले में नर्मदा लिंक परियोजना का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है इससे किसानों को शीघ्र ही सिंचाई के लिए पानी मिलेगा। जिले की पेयजल समस्या भी हल होगी। इसके पूर्व उन्होंने मध्यप्रदेश के गठन एवं संसाधनों की भी जानकारी विस्तार से दी। कार्यक्रम में महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उमावि की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, उत्कृष्ट विद्यालय की छात्राओं ने शिव तांडव एवं आदिवासी नृत्य, सीएम राईज विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना, एकीकृत उमावि भरड़ के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, इटरनल विद्यालय के बच्चों ने मध्यप्रदेश गान की आकर्षक प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के समापन पर अनुविभागीय अधिकारी मनीषा वास्कले ने आभार व्यक्त किया। संचालन शिक्षिका रेखा पुरोहित ने किया।