सेमीफाइनल में हारकर भारत इमर्जिंग एशिया कप से बाहर
अफगानिस्तानी लड़ाकों के आगे भारतीय सूरमाओं ने डाले हथियार
भारत का उस समय इमर्जिंग एशिया कप 2024 (Emerging Teams Asia Cup 2024) का खिताब जीतने का सपना टूट गया जब सेमीफाइनल में उसे अफगानिस्तान ए के हाथों 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा. फाइनल में अब अफगानिस्तान का सामना श्रीलंका से होगा. अफगानिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 206/4 का सर्वोच्च स्कोर बनाया. इसके जवाब में भारत की टीम सात विकेट पर 186 रन ही बना सकी.
लक्ष्य का पीछा करते समय भारत-ए की आधी टीम 13वें ओवर तक ही पवेलियन लौट गई. टीम के लिए रमनदीप सिंह ने निशांत सिंधु के साथ मिलकर 31 गेंदों में 68 रन की साझेदारी की. टीम इंडिया को मैच जीतने के लिए अंतिम तीन ओवरों में 53 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम कामयाब नहीं रही. अफगानिस्तान के लिए अब्दुल रहमान (2/32) ने अंतिम ओवर में 30 रन को डिफेंड करते हुए भारत को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया.
इससे पहले, एक अन्य सेमीफाइनल में श्रीलंका ए ने पाकिस्तान शाहीन्स को नौ विकेट पर 135 रन पर रोक दिया और फिर तीन विकेट खोकर 16.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.