दुबई, आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के अंतिम ग्रुप मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को 44 रन से धोकर ग्रुप A में पहले पायदान पर जगह पक्की की है. भारत की इस जीत में श्रेयस अय्यर (79) की उम्दा पारी के बाद वरुण चक्रवर्ती (5/42) की शानदार योगदान रहा. इस शानदार बॉलिंग के लिए वरुण को प्लेयर ऑफ द मैच भी घोषित किया गया. भारत की इस जीत के साथ अब सेमीफाइनल की तस्वीर भी साफ हो गई. टूर्नामेंट का पहला सेमीफाइनल मंगलवार को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा सेमीफाइनल बुधवार को लाहौर में साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड से होगा.

इससे पहले न्यूजीलैंड ने आज टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. उसने शुरुआत से ही भारत को बैकफुट पर धकेल दिया, जब सिर्फ 30 रन जोड़ने तक भारत के टॉप 3 विकेट अपने नाम कर लिए थे. शुभमन गिल (2), रोहित शर्मा (15) और विराट कोहली (11) सस्ते में आउट हो गए. यहां से भारत दबाव में था लेकिन श्रेयस अय्यर ने अक्षर पटेल (42) के साथ जुझारूपन दिखाते हुए टीम को दबाव से निकाला. दोनों चौथे विकेट के लिए 98 रनों की अहम साझेदारी की.

अक्षर को यहां रचिन रवींद्र ने अपना शिकार बनाया, जब फाइन लेग पर केन विलियमसन ने उनका एक बेहतरीन कैच लपका. इसके बाद अय्यर का साथ केएल राहुल निभाने आए थे. दोनों ने मिलकर अभी 44 रन की ही साझेदारी की थी लेकिन 79 के निजी स्कोर पर अय्यर ओ’रूर्की का शिकार बने. कुछ देर बाद केएल राहुल भी चलते बने.

बाद में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 45 बॉल में 45 रन की अहम पारी खेलकर भारत का स्कोर 249 रनों के फाइटिंग स्कोर तक पहुंचा दिया.

250 रनों का लक्ष्य लेकर उतरी कीवी टीम शुरुआत से ही दबाव में रही. भारतीय गेंदबाज लगातार उसके विकेट झटकते रहे. एक छोर पर अनुभवी केन विलियमसन (81) लंबे समय तक क्रीज पर टिके थे. लेकिन कोई भी बल्लेबाज उनका साथ नहीं निभा पाया. केन के बाद कप्तान मिचेल सेंटनर ने टीम की ओर से सबसे ज्यादा 28 रन बनाए. कीवी टीम के पास भारतीय स्पिन गेंदबाजों का जवाब नहीं था और वरुण चक्रवर्ती इसमें एक्स फैक्टर साबित हुए, जिन्होंने 5 विकेट अपने नाम किए.