CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS

सहारनपुर, कई बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में पुलिस की मदद करने वाली डॉग स्कवाॅड में शामिल इला (श्वान) की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। उसकी मौत पर पुलिस लाइन में शोक सलामी दी गई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा समेत कई अधिकारियों ने अर्थी को कंधा दिया। राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया। 13 जनवरी 2016 को जन्मी इला ने नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग्स के बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर टेकनपुर ग्वालियर मध्य प्रदेश से ट्रेनिंग प्राप्त की थी। डॉग इला ने ट्रैकर (मानव गंध) की ट्रेनिंग प्राप्त की थी। इसके बाद 17 सितंबर 2017 की तैनाती एडीजी लॉजिस्टिक द्वारा डॉग हैंडलर राकेश कुमार के साथ सहारनपुर पुलिस लाइन में लाया गया था। 28 जुलाई 2022 को थाना कुतुबशेर क्षेत्र के मोहल्ला आनंद नगर निवासी व्यापारी के घर से उसकी लाइसेंसी पिस्टल व दो मोबाइल चोरी की घटना में इला का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इला ने घटनास्थल पर बने पैरों के निशान को ट्रैक करते हुए एक गली में ले जाया गया।
जहां सीसीटीवी कैमरों को चेक कर संदिग्ध की पहचान की गई। पुलिस ने आरोपी की शत-प्रतिशत बरामदगी कराकर उसे जेल भेजा गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि डॉग स्कवाड दल में शामिल इला के बीमार होने पर उसका इलाज चल रहा था। आठ साल की उत्कृष्ट सेवा के बाद बीमारी के कारण उसकी मौत हुई। पुलिस लाइन में शहीद स्मारक स्थल पर इला का पार्थिव शरीर रखा गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह आदि ने शोक सलामी दी।