5 से 6 दिन में मार दूंगा...
सांसद पप्पू यादव को फिर मिली धमकी, SP ने जो बताया जानकर चौंक जाएंगे
पूर्णिया, बिहार के पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव को आज फिर जान से मारने की धमकी मिली है. आज धमकी देने वाले ने एक वीडियो मैसेज भेजा है. जिसमें उन्होंने कहा, ”वह पटना पहुंच चुके हैं, 5 से 6 दिन में सांसद पप्पू यादव का कत्ल कर देंगे, नहीं तो पप्पू यादव को बोलो अभी भी समय है लॉरेंस बिश्नोई से माफी मांग ले.” पप्पू यादव के अनुसार, अब तक उन्हें 20 बार से अधिक धमकी मिल चुकी है. लगातार फोन पर उन्हें धमकी दी जा रही है. लेकिन इससे वह डरने वाले नहीं है. वह अभी भी लगातार गाड़ी पर चल रहे हैं और क्षेत्र में जा रहे हैं.
उन्होंने कहा कि कानून और सरकार को उनकी कोई परवाह नहीं है. अभी भी धमकी आया है. वीडियो मैसेज करके जान से मारने की धमकी मिली है. इसकी सूचना उन्होंने दिल्ली भेज दी है, लेकिन सरकार को उनकी कोई परवाह नहीं है. वहीं इस बारे में पूछे जाने पर पूर्णिया के एसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि सांसद पप्पू यादव को जो भी धमकी मिली है उसको वे लोग काफी गंभीरता पूर्वक ले रहे हैं. लेकिन अभी तक की जांच में यही पता चला है कि धमकी देने वाला किसी भी शख्स का लॉरेंस बिश्नोई गैंग या किसी गिरोह से कोई संपर्क नहीं ह.
उन्होंने अधिक जानकारी देते हुए बताया कि लोग या तो अपने किसी निजी स्वार्थ के कारण धमकी दे रहे हैं या इसके पीछे कुछ और वजह है. पुलिस इसकी तफ्तीश कर रही है. कुछ लोगों को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ भी की गई है. लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला है.
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के नंबर से भारत से ही कोई उन्हें धमकी दे रहा है. जल्द ही इसका खुलासा हो जाएगा. गौरतलब है कि मुंबई में बाबा सिद्दीकी की हत्या के बाद सांसद पप्पू यादव ने लॉरेंस बिश्नोई के खिलाफ बयान दिया था. जिसमें उन्होंने कहा था कि लॉरेंस बिश्नोई जैसे दो टके के गुंडे को 24 घंटे में निपटा देंगे. अगर कानून इसकी इजाजत दे तो. इसके बाद से ही लगातार पप्पू यादव को धमकी भरा कॉल और वीडियो ऑडियो आ रहा है. जिसकी सूचना उन्होंने गृह मंत्री मुख्यमंत्री डीजीपी और एसपी को भी दिया है.