CURATED BY – CHANDAN KUMAR CHAUBEY | CITYCHIEFNEWS

 एक ब्रांडेड कंपनी की आइसक्रीम में इंसान की कटी हुई उंगली मिलने के बाद सनसनी फैल गई। मुंबई के मलाड इलाके की रहने वाली महिला ने ऑनलाइन ऑर्डर कर यम्मो आइसक्रीम मंगाया था। आधी आइसक्रीम खत्म होने के बाद कुछ ऐसा दिखा की महिला के होश उड़ गए।

जानकारी के मुताबिक मलाड निवासी 27 वर्षीय महिला डॉ. ओरलेम ब्रेंडन ने जेप्टो एप के जरिए यम्मो आइसक्रीम कंपनी की बटर स्कॉच आइसक्रीम ऑर्डर किया था। आइसक्रीम की डिलीवरी लेने के बाद महिला ने उसे खोला और खाने लगी। 
जैसे ही आधी आइसक्रीम खत्म हुई, तभी खाने के दौरान महिला को आइसक्रीम में कुछ अजीब सा महसूस हुआ। महिला ने जब गौर से देखा तो आइसक्रीम के बीच इंसान की कटी हुई उंगली का एक टुकड़ा पड़ा था। इसके बाद महिला के होश ही उड़ गए। महिला डॉक्टर भागती हुई मलाड थाने पहुंची और पुलिस को इसकी जानकारी दी। 
पुलिस भी इस घटना को जानकर दंग रह गई। पुलिस ने कटी हुई उंगली को जांच के लिए एफएसएल भेज दिया है और आइसक्रीम कंपनी के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।