नई दिल्ली, दिल्ली-एनसीआर के लोग मानसून की दस्तक का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें गर्मी और उमस से तत्काल राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी राष्ट्रीय राजधानी तक नहीं पहुंच पाया है। इस बीच भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को देश के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। वहीं, उत्तर प्रदेश में 28 जून के बाद बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना जताई गई है।

   इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

बिहार, झारखंड, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में मानसून सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार को महाराष्ट्र, पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। कोंकण क्षेत्र में भी कई स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है।

मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक, तेज हवाओं और मध्यम से भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। वहीं, मराठवाड़ा क्षेत्र में भी बिजली कड़कने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं।

   बिहार-झारखंड में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश के संकेत

मौसम विभाग के मुताबिक, 24 से 29 जून के बीच झारखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अच्छी बारिश हो सकती है। बिहार में 25 और 26 जून को आंधी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर यह 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक भी दर्ज की जा सकती है।

   दिल्ली-एनसीआर में अभी नहीं मिलेगी राहत

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है, लेकिन 28 जून से पहले किसी बड़ी बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर बना रहेगा।

ऐसे में राजधानीवासियों को फिलहाल भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद कम है। हालांकि, 25 जून तक कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी चल सकती है।

   मुंबई में भारी बारिश का रेड अलर्ट

मुंबई में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। मौसम विभाग ने मुंबई और पालघर के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। अगले तीन घंटों के दौरान तेज बारिश की चेतावनी दी गई है। साथ ही बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

करीब दो सप्ताह की सुस्ती के बाद महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है और आने वाले दिनों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश होने की संभावना है।

   मध्य प्रदेश में जारी रहेगी रुक-रुक कर बारिश

मध्य प्रदेश में फिलहाल छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं। भोपाल समेत प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश हो सकती है, जबकि आगामी दिनों में वर्षा की गतिविधियां दक्षिणी और पूर्वी जिलों की ओर बढ़ने की संभावना है।