तेज रफ्तार कार टैंकर में घुसी
वॉक कर रहे दो बुजुर्ग सहित तीन की मौत
छिंदवाड़ा, छिंदवाड़ा जिले के अंबाडा गांव में गुरुवार शाम एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर टहल रहे दो बुजुर्गों को कुचल दिया और फिर अनियंत्रित होकर टैंकर से टकरा गई, जिससे कार चालक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा जुन्नारदेव-छिंदवाड़ा रोड पर शाम 5:30 बजे हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 65 वर्षीय जवाहर गुप्ता और 65 वर्षीय महादेव पवार सड़क किनारे टहल रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। इसके बाद कार सामने खड़े टैंकर से टकराई, जिससे कार में सवार 65 वर्षीय सूरज प्रसाद उईके गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल परासिया सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें फंसे लोगों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मामला दर्ज कर तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में शोक की लहर है और स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।