मुंबई, मुंबई के कोस्टल रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा मरीन ड्राइव से हाजी अली की ओर जाने वाले मार्ग पर लोटस जेट्टी के सामने हुआ। तेज रफ्तार BMW कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, हादसा सुबह करीब 5:20 बजे लाला कॉलेज के पास हुआ। कार में चार युवक सवार थे। दुर्घटना के बाद सभी को उपचार के लिए नायर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां तीन युवकों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। मृतकों में शनाय गज्जल (21) और धैर्य सेठ (17) की पहचान हुई है, जबकि तीसरे मृतक की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घायल युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई गई है और उसे ट्रॉमा वार्ड में भर्ती किया गया है।

BMC ने बताया- नियंत्रण खोने के बाद हुआ हादसा

बीएमसी के अनुसार, BMW कार मरीन ड्राइव की ओर से हाजी अली की दिशा में जा रही थी। लोटस जेट्टी के पास कथित तौर पर तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कार दुर्घटनाग्रस्त होकर पुल से नीचे जा गिरी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में शामिल वाहन और सामने आए सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है।

मुंबई में हुए इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां और जिम्मेदारी से जुड़े तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे।