CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, नियमितीकरण की मांग को लेकर लंबे समय से संघर्षरत अतिथि शिक्षक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं और इसीको लेकर उन्होने अपनी ही अर्र्थी यात्रा निकाल दी। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर शाजापुर जिले के अतिथि शिक्षकों ने सोमवार को शाजापुर में अर्थी यात्रा निकाली। कांधे पर अर्थी लेकर अतिथि शिक्षक शहर के महूपुरा चौराहा, नदी चौराहा, किला रोड, छोटा चौक, बड़ा चौक, नई सडक़ होते हुए बस स्टैंड पहुंचे जहां नारेबाजी कर अर्थी का अंतिम संस्कार किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री के द्वारा महापंचायत बुलाकर अतिथि शिक्षकों से किए गए वादों को पूरा नही किए जाने से प्रदेशभर के अतिथि शिक्षकों में आक्रोश व्याप्त है और इसीको लेकर शाजापुर जिला मुख्यालय पर अतिथि शिक्षकों के द्वारा अर्थी यात्रा निकाली गई है। शर्मा ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के द्वारा प्रदेशभर के अतिथि शिक्षकों की महापंचायत बुलाई गई थी जिसमें उन्होने कई घोषणाएं की थी, लेकिन उक्त घोषणाओं को आज तक पूरा नही किया गया है। वहीं अब तक अतिथि शिक्षकों की भर्ती नही की गई है और प्रमोशन आदि नीति के नाम पर अतिथि शिक्षकों को बेरोजगार कर दिया गया है। चुनाव के दौरान भी कई वादे किए गए, यहां तक कि डॉ मोहन यादव ने विधायक रहते हुए स्वयं मप्र शासन को पत्र लिखकर अतिथि शिक्षकों को नियमित किए जाने की मांग की, लेकिन अब जबकि वह स्वयं मुख्यमंत्री हैं तो अतिथि शिक्षकों को हटाने पर तुले हुए हैं। 5 सितंबर को पूरे प्रदेश के अतिथि शिक्षक मुख्यमंत्री से मिलने भोपाल जाएंगे। शर्मा ने बताया कि शासन से मांग है कि अतिथि शिक्षकों का 12 माह अनुबंध विभागीय परीक्षा लेकर नियमित किया जाए। साथ ही जो घोषणाएं की गई थी उन्हे लागू किया जाए। इस मौके पर बड़ी संख्या में अतिथि शिक्षक मौजूद थे।