CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS

कटनी, कटनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म और यात्री ट्रेनों में अपराधिक वारदातों को रोकने के लिए जीआरपी अभियान चला रही है। अभियान के तहत जीआरपी की टीम ने कटनी रेलवे स्टेशन के सतना एंड की ओर से चैकिंग के दौरान दो युवकों को पकड़ा है। दोनों युवकों ने चोरी की तीन-तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। जीआरपी ने दोनों युवकों से चोरी किए गए आभूषण और नकद रुपए बरामद किए हैं।
जीआरपी टीआई अरुणा वाहने  ने बताया कि शनिवार को रेलवे स्टेशन के आउटर की चैकिंग के दौरान सतना एंड की ओर खिरहनी फाटक में दो युवक जीआरपी को देखकर भागने का प्रयास कर रहे थे, जीआरपी की टीम ने दोनों युवकों को घेराबंदी कर पकड़ लिया। युवकों ने पूछताछ के दौरान चोरी की वारदातों को करना स्वीकार किया। जीआरपी थाना प्रभारी ने बताया कि पकड़े गए युवक वैंकट वार्ड खिरहनी फाटक निवासी आर्यन निषाद और कुठला थाना क्षेत्र निवासी सुमित निषाद है। दोनों युवकों ने पूछताछ में चोरी की तीन-तीन वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। जीआरपी ने आरोपी सुमित निषाद से चांदी की पायल, आठ हजार रुपए और आरोपी आर्यन निषाद से चांदी का ब्रेसलेट, चांदी की पायल और नकद रुपए बरामद किए गए है।

आरोपियों को पकड़ने में जीआरपी थाना प्रभारी अरुणा वाहने, एसआई अजय सिंह, एएसआई निर्दोष टोप्पो, प्रधान आरक्षक मनोज मिश्रा, अजय श्रीवास्तव, बलराम दुबे, आरक्षक शैलेष सिंह, अवधेश मिश्रा, आरपीएफ के प्रधान आरक्षक शिवराम शर्मा, आरक्षक मनीष प्यासी, आरक्षक राजेश की भूमिका रही। पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रेल शिमाला प्रसाद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक इसरार मंसूरी, उप पुलिस अधीक्षक लोकेश मार्को और उपपुलिस अधीक्षक सारिका पांडेय के मार्गदर्शन में की गई।