शाजापुर, कलेक्टर ऋजु बाफना के निर्देशन में बुधवार को कलेक्टर कार्यालय में दो दिवसीय स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, जिसमें पहले दिन शासकीय सेवकों एवं उनके परिजनों ने परीक्षण कराया। शिविर का निरीक्षण कलेक्टर सुश्री बाफना ने किया और उन्होंने भी रक्तचाप एवं अन्य परीक्षण कराएं। इस दौरान अपर कलेक्टर बीएस सोलंकी, सीईओ जिला पंचायत संतोष टैगोर, प्रभारी सीएमएचओ डॉ. अजय साल्विया एवं सिविल सर्जन डॉ. बीएस मैना सहित अन्य अधिकारीगण भी उपस्थित थे।

शिविर में 264 मरीजों का परीक्षण किया गया, जिसमें 115 की रक्तचाप-शुगर की जांच की गई, जिसमें से 20 मरीज हाईपर टेंशन तथा 25 मधुमेह के रोगी पाए गए। शिविर में 76 व्यक्तियों के आंखों की जाँच, 94 व्यक्तियों की खून की जांच एवं 35 व्यक्तियों की ईसीजी भी की गई। शिविर स्थल पर पहले दिवस मेडिकल विशेषज्ञ डॉ. आलोक सक्सेना, सर्जिकल विशेषज्ञ डॉ. आनंद परमार एवं डॉ. नवीन झाला, आर्थाेपेडिक सर्जन डॉ. सौरभ अलावा, पैथालॉजिस्ट डॉ. एसडी जायसवाल, नैत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. किरण आठिया, स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. लक्ष्मी जायसवाल, ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. तेजपाल सिंह, मनोरोग चिकित्सक डॉ. अरूण पाटीदार, क्षय रोग विशेषज्ञ डॉ. केशव प्रताप सिंह, दंत चिकित्सक डॉ. शुभम गुप्ता ने अपनी सेवाएं दी।

ईवीएम का प्रदर्शन

लोकसभा निर्वाचन-2024 को दृष्टिगत रखते हुए निर्वाचन के दौरान मतदान की प्रक्रिया से आमजन को अवगत कराने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा शिविर स्थल पर ईव्हीएम मशीन का प्रदर्शन किया गया। शिविर में उपस्थित शासकीय सेवकों सहित उनके परिजनों ने मतदान की प्रक्रिया को जाना और प्रायोगिक मतदान किया।