केरल में खाई में गिरी सरकारी बस
महिला समेत तीन की मौत, तमिलनाडु के तंजावुर से लौट रही थी
इडुक्की, केरल के इडुक्की जिले में एक रोडवेज बस खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हो गए।
पुलिस ने बताया कि तमिलनाडु के तंजावुर की यात्रा के बाद 34 यात्रियों को लेकर केएसआरटीसी की एक बस अलपुझा जिले के मावेलीकारा लौट रही थी। सोमवार सुबह करीब छह बजे इडुक्की जिले के पुल्लूपारा के निकट बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक मृतकों के शवों को मुंडाकायम के एक निजी अस्पताल में भेज दिया गया है और पोस्टमार्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
डंपर ने कार में मारी टक्कर, दो BJP नेताओं की मौत
ओडिशा के संबलपुर जिले में रविवार तड़के डंपर ने एक कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में दो भाजपा नेताओं की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देवेंद्र नायक और मुरलीधर छुरिया के रूप में हुई। नायक भाजपा के गोशाला मंडल अध्यक्ष थे, जबकि छुरिया पूर्व सरपंच थे। दोनों नेता भाजपा के वरिष्ठ नेता नौरी नायक के करीबी थे। पुलिस के अनुसार, यह घटना रात डेढ़ बजे एनएच 53 पर बर्ला थाना क्षेत्र में हुई। कार में छह लोग सवार थे, जिनमें चालक भी शामिल था। वे भुवनेश्वर से अपने घर कर्डोला लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद सभी को नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य का इलाज चल रहा है।
जानबूझकर मारी गई कार में टक्कर
घटना में घायल हुए सुरेश चंदा ने आरोप लगाया, 'डंपर ने हमारी कार को पीछे से दो बार टक्कर मारी। हमें शक था कि कोई जानबूझकर हमारी कार को टक्कर मार रहा है, इसलिए चालक ने कार को हाईवे से कंठपाली चौक की ओर घुमा लिया, लेकिन डंपर ने पीछा किया और फिर से कार को टक्कर मारी, जिससे कार पलट गई।' उन्होंने कहा कि जब कार को दो बार टक्कर मारी गई तब तक वह होश में थे। मगर तीसरी बार जब डंपर ने टक्कर मारी तो वह बेहोश हो गए। चंदा ने कहा, 'मुझे यकीन है कि यह जानबूझकर किया गया। कोई दुर्घटनावश एक बार टक्कर मार सकता है, लेकिन तीन बार क्यों टक्कर मारी गई?'