CURATED BY – DHEERAJ KUMAR AHIRWAL | CITYCHIEFNEWS

दमोह, प्रधान जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी के कुशल मार्गदर्शन एवं उनकी अध्यक्षता में ए.डी.आर. भवन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर दमोह में न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण के स्वास्थ्य की जांच एवं परीक्षण हेतु जिला चिकित्सालय दमोह के समन्वय से प्रातः 11 बजे से निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं दोपहर 02 बजे से टी.बी. उन्मूलन के लिए जन भागीदारी अभियान अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
उक्त स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण दमोह, उदय सिंह मरावी, विशेष न्यायाधीश दमोह, मोहम्मद अजहर, प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय दमोह एवं जिला न्यायालय दमोह में पदस्थ समस्त न्यायाधीशगण, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ कमलेश भारद्वाज, उपाध्यक्ष सुरेश खत्री, अधिवक्तागण, जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया, जिला अस्पताल दमोह से डॉ. गौरव जैन, नोडल अधिकारी, टी.बी. उन्मूलन, डॉ. विक्रान्त सिंह चौहान, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. दिव्यांशु अवस्थी, महिला चिकित्सक डॉ. सोनम कुकरेजा, डॉ. मनीष संगतानी, आर.बी.एस.के. डॉ. चंद्रप्रकाश वर्मा एवं डॉ. आरती पटैल एवं एक्स-रे, ब्लड सेम्पिलिंग, ई.सी.जी. हेतु तकनीकी स्टॉफ एवं न्यायालयीन कर्मचारीगण उपस्थित रहे। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में न्यायाधीशगण, अधिवक्तागण, न्यायालयीन कर्मचारीगण सहित कुल 227 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उचित सलाह एवं दवा वितरित की गई।
इसी क्रम में दोपहर 02 बजे टी.बी. मुक्त भारत अभियान अंतर्गत कार्यक्रम का आयोजन, जिला न्यायालय परिसर दमोह में प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी की अध्यक्षता में किया गया। उक्त कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश उदय सिंह मरावी, प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय मोहम्मद अजहर, अध्यक्ष जिला अधिवक्ता संघ कमलेश भारद्वाज, डॉ. गौरव जैन, नोडल अधिकारी, टी.बी. उन्मूलन सहित समस्त न्यायाधीशगण व अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. गौरव जैन द्वारा टी.बी. मुक्त भारत अभियान अंतर्गत नि-क्षय मित्र बनाये जाने हेतु अपनाये जाने वाली प्रक्रिया व ऐसे टी.बी. रोगियों को मासिक पोषण किट दिये जाने के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि इसमें कोई भी नागरिक ऐसे टी.बी. रोगियों को मासिक पोषण आहार छः माह तक प्रदान किये जाने हेतु स्वेच्छा से जुड़कर ऐसे टी.बी. रोगियों की मदद कर सकता है, ऐसे व्यक्तियों को नि-क्षय मित्र के नाम से जानते है, उन्होने नि-क्षय मित्र बनकर ऐसे टी.बी. रोगियों के जीवन में बदलाव लाने हेतु आगे आने की बात कही।
अध्यक्ष, जिला अधिवक्ता संघ दमोह कमलेश भारद्वाज द्वारा उपस्थित जनों से टी.बी. रोगियों की मदद हेतु अधिक से अधिक अधिवक्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित कराये जाने की बात कही। वरिष्ठ अधिवक्ता भगवती प्रसाद श्रीवास्तव ने अपने सम्बोधन में सभी से इस पुनीत कार्य में सहभागिता किये जाने पर बल दिया।
प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण आनंद कुमार तिवारी दमोह ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुये कहा कि टी.बी. रोगियों की मदद हेतु चलाये जा रहे इस अभियान का उद्देश्य टी.बी. रोगियों को सामुदायिक सहायता प्रदान करना है, जिससे ऐसे पीड़ितों को उचित पोषण मिल सके, इसलिए हम सभी न्यायाधीशगण ने टी.बी. रोगियों को फुड बास्केट प्रदान करने हेतु आगे आकर तत्परता के साथ आज ही इस संबंध में आवश्यक औपचारिकतायें पूर्ण कर सहयोग प्रदान करने का निर्णय लिया है, आप सभी भी इस अभियान से जुड़कर सामाजिक दायित्व का निर्वहन करें। 
जिला विधिक सहायता अधिकारी रजनीश चौरसिया द्वारा कार्यक्रम का मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन किया गया।