आशुतोष टंडन का निधन: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के बेटे और पूर्व नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया है. आशुतोष टंडन उर्फ गोपालजी लखनऊ शहर ईस्ट से विधायक थे और लंबे समय से कैंसर से ग्रसित होने के चलते लखनऊ के मेदांता में उनका उपचार चल रहा था. गुरुवार को मिली जानकारी के मुताबिक मेदांता हॉस्पिटल में ही इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. 

आशुतोष टंडन के निधन के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया. उन्होंने ट्विटर पर लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और लखनऊ पूर्व के विधायक आशुतोष टंडन उर्फ़ ‘गोपालजी’ के निधन से मुझे गहरा दुःख हुआ. उनका राजनीतिक जीवन लखनऊ वासियों की सेवा में समर्पित था. पार्टी को मज़बूती देने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है." राजनाथ सिंह ने आगे लिखा, "लखनऊ और प्रदेश के विकास के लिए, उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे. दुःख की इस घड़ी में उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मैं अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ. ओम शान्ति."

बीजेप के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव टंडन ने भी पूर्व कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन के निधन पर दुख जाहिर किया. उन्होंने ट्वीट करते हुए कहा, "लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र से विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री आशुतोष टंडन "गोपाल" जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. यह हमारे लिए व्यग्तिगत अपूर्णीय क्षति है. ईश्वर उनकी पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करते हुए परिवार वालों और उनके समर्थकों को संबल प्रदान करें."