पंजाब के पूर्व सीएम की हालत बिगड़ी
गृह मंत्री अमित शाह ने जाना हाल
चंडीगढ़, शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के संरक्षक और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल बीमार हैं. उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है और उनके स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है. एक निजी अस्पताल द्वारा शनिवार को जारी एक मेडिकल बुलेटिन के जरिए उनके स्वास्थ्य की जानकारी दी गई है. वह 5 बार पंजाब के सीएम रह चुके हैं. अमित शाह और राजनाथ सिंह ने उनका फोन पर हालचाल जाना और शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की उम्र 95 साल है. उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद एक सप्ताह पहले मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है, “प्रकाश सिंह बादल के स्वास्थ्य की गंभीरता को देखते हुए मेडिकल आईसीयू में उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है.”
गृह मंत्री अमित शाह ने की बादल के स्वस्थ होने की कामना
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली है. दोनों नेताओं ने परिवार के लोगों से फोन पर बात करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है. पांच बार पंजाब के मुख्यमंत्री रहे बादल को पिछले साल जून में जठरशोथ (गैस्ट्राइटिस) और अस्थमा से संबंधित शिकायतों के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था.