CURATED BY – GAURAV SINGHAL CITYCHIEFNEWS

देवबंद | सहारनपुर, देवबंद नगर पालिका के दो बार अध्यक्ष रहे ज़ियाउद्दीन अंसारी का 68 वर्ष की आयु में लंबी बीमारी के चलते आज सुबह देहरादून के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन की खबर से देवबंद नगर में शोक की लहर दौड़ गई।
जियाउद्दीन अंसारी एक मिलनसार व्यक्ति थे। वह अपने लंबे राजनीतिक जीवन में कांग्रेस, बसपा और सपा में सक्रिय रहे।शुगर की बीमारी के चलते उनके गुर्दे पिछले काफी दिनों से ठीक से काम नहीं कर रहे थे और उन्हें जल्दी-जल्दी डायलिसिस कराना पड़ता था।जियाउद्दीन अंसारी का देवबंद की अपनी अंसारी और तेली बिरादरी में अच्छा खासा असर था। इसीलिए लोकसभा, विधानसभा चुनाव लड़ने वाले दलों के प्रत्याशी भी उनकी मदद लेने को प्रयासरत रहते थे। उनके निधन पर देवबंद के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में गहरा शोक व्यक्त किया गया और उनकी सेवाओं को याद करते हुए उन्हें नम श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
जियाउद्दीन अंसारी के शव को आज देर शाम  सुपुर्दे-खाक किया गया। उनके निधन पर पूर्व सांसद फजर्लुरहमान कुरैशी, मौजूदा चेयरमैन विपिन गर्ग, कुलदीप कुमार, इनाम कुरैशी, चौधरी राजपाल सिंह समेत काफी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने शोक व्यक्त किया है।  उधर, जियाउद्दीन अंसारी के निधन पर नगर पालिका परिषद देवबंद के स्टाॅफ द्वारा दो मिनट का मौन धारण कर उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। देवबंद नगर पालिका अध्यक्ष विपिन गर्ग द्वारा आज आधे दिन से ऑफिस का अवकाश कराया गया तथा पूर्व पालिका अध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी के आवास पर जाकर दुख जताते हुए अपनी संवेदना प्रकट की गई।