CURATED BY – BHAGWAN DAS BERAGI | CITYCHIEFNEWS

शाजापुर, जिले के सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम पनवाड़ी में एक समुदाय के दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा की फायरिंग के साथ वाहन को भी आग के हवाले कर दिया गया। पूरा विवाद पुरानी रंजिश को लेकर होना बताया जा रहा है। घटना में तीन लोग घायल हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम पनवाड़ी में बंजारा और पाटीदार समाज के लोग पुरानी रंजिश को लेकर आमने-सामने हो गए। इस दौरान फायरिंग हुई जिसमें पवन पिता अंकित पिता कैलाश पाटीदार, राधेश्याम राठौर, संतोष पिता प्रतापसिंह राजपूत घायल हो गए। इस दौरान वाहनों को भी आग के हवाले किया गया। पुलिस अधीक्षक टीएस बघेल ने बताया कि पनवाड़ी में पुराने विवाद को लेकर बंजारा समाज और पाटीदार समाज में विवाद हो गया, जिसमें करीब तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हे उपचार के लिए शाजापुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होने बताया कि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर पनवाड़ी में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति सामान्य है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फायरिंग होने सहित विवाद को लेकर जांच की जा रही है। नियमानुसार दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस छावनी बना पनवाड़ी
बंजारा समाज और पाटीदार समाज के लोगों के बीच हुए विवाद के बाद पनवाड़ी पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। सूत्रों के अनुसार दोनों समाज के लोगों के बीच पुराने विवाद को लेकर तनाव बना हुआ था और इसी विवाद के चलते रविवार दोनों पक्ष के लोग आमने-सामने हो गए। फायरिंग के साथ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। इस खबर से गांव में दहशत फैल हो गई। हालांकि पुलिस ने तुरंत ही मोर्चा संभालते हुए स्थिति को काबू कर लिया और अब हालात सामान्य हैं। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस बल गांव में तैनात है।