पन्ना में चुनावी रंजिश में फिर चली गोली, आटो चालक युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
पुलिस मामले की जांच में जुटी, घायल को रीवा मेडिकल कालेज किया रेफर
पन्ना, पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना अंतर्गत रैकवार ढाबा में चुनावी रंजिश पर गोली चलने से एक युवक घायल हो गया, घायल को तत्काल अजयगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया जहां से उसे प्राथमिक उपचार उपरांत हालत गंभीर होने के चलते जिला चिकित्सालय पन्ना रेफर कर दिया गया है, जहा से उसे मेडिकल कालेज रीवा रेफर किया गया है, वही घटना के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि घायल लोकेश द्विवेदी सुबह अजयगढ़ के लिए घर से निकला था, और रास्ते में रैकवार ढाबा में नाश्ता करने लगा, तभी अचानक देवरा भापतपुर सरपंच हेतराम यादव के भाई ने उस पर बंदूक तान दी, जब उसने बचने का प्रयास किया, तब तक हेतराम ने गोली चला दी, गोली सीने पर निशाना साध कर चलाई गई थी, लेकिन वह पैर में लगी। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। सूचना मिलते ही पुलिस एवं नायब तहसीलदार ने घायल के बयान लेकर मामले की विवेचना और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। मामला चुनावी रंजिश का बताया जा रहा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार बताया जा रहा हैं।