ईरान में पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई और उनके परिवार के सदस्यों को अंतिम विदाई देने का सिलसिला शुरू हो गया है। 2 जुलाई 2026 की रात राजधानी तेहरान स्थित प्रमुख शिया धार्मिक एवं राजनीतिक केंद्र हुसैनिया-ए-इमाम खुमैनी (Imam Khomeini Hussainiya) के समीप स्थित आका-ए-शहीद-ए-ईरान परिसर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। यह स्थल अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय परिसर का हिस्सा माना जाता है।

श्रद्धांजलि सभा में शहीदों के परिवारों की मौजूदगी

श्रद्धांजलि समारोह में हालिया संघर्षों में मारे गए लोगों के परिजन, ईरान के सर्वोच्च नेता के कार्यालय से जुड़े शहीदों के परिवार तथा सुरक्षा बलों के शहीदों के परिजनों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने अयातुल्लाह अली खामेनेई के पार्थिव शरीर (जसद-ए-मुतह्हर) को सामूहिक रूप से अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। इसे खामेनेई को श्रद्धांजलि देने का पहला आधिकारिक सार्वजनिक समारोह बताया जा रहा है, जिसमें शहीदों के परिवारों ने बड़ी संख्या में हिस्सा लिया।

बहू ज़हरा हद्दाद आदिल को भी दी गई अंतिम विदाई

अयातुल्लाह अली खामेनेई की बहू एवं उनके पुत्र सैयद मोजतबा खामेनेई की पत्नी शहीद ज़हरा हद्दाद आदिल की स्मृति में भी 1 जुलाई 2026 को तेहरान के फरहंग स्कूल में शोक सभा आयोजित की गई। इस अवसर पर उनके पिता डॉ. गुलाम अली हद्दाद आदिल, परिवार के सदस्य, सहयोगी शिक्षक, मित्र और अन्य परिचित उपस्थित रहे।

इस श्रद्धांजलि सभा में परिवार और करीबी लोगों ने ज़हरा हद्दाद आदिल को भावभीनी अंतिम विदाई दी। कार्यक्रम की तस्वीरें उनके निधन के बाद आयोजित अंतिम श्रद्धांजलि समारोह की बताई जा रही हैं।

भारत से भी शामिल होंगे प्रतिनिधि

ईरान और भारत के बीच लंबे समय से ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आर्थिक संबंध रहे हैं। इसी क्रम में ईरान ने भारत के विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधियों को भी अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए ईरान रवाना हो चुकी हैं। वहीं जैन मुनि लोकेश को भी आमंत्रित किया गया है और उन्होंने अमेरिका से सीधे तेहरान पहुंचने की जानकारी दी है।

4 से 9 जुलाई के बीच होंगी अंतिम संस्कार की रस्में

ईरान के दिवंगत पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के तदफीन (अंतिम संस्कार) की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 4 जुलाई से 9 जुलाई के बीच विभिन्न धार्मिक एवं राजकीय रस्में संपन्न कराई जाएंगी। स्थानीय मीडिया के अनुसार, तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला परिसर में अंतिम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं, जहां अंतिम विदाई से जुड़े प्रमुख कार्यक्रम आयोजित होंगे।

राष्ट्रपति ने की एकजुटता दिखाने की अपील

समाचार एजेंसी तसनीम के अनुसार, राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने सभी ईरानियों से जातीय, धार्मिक और राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर जनाजे में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर दुनिया के सामने ईरान की राष्ट्रीय एकजुटता और सामूहिक संकल्प का संदेश जाना चाहिए।

राजकीय सम्मान के साथ होगा अंतिम संस्कार

ईरानी प्रसारक प्रेस टीवी के मुताबिक, पूर्व सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह सैयद अली खामेनेई के परिवार के पांच सदस्यों के ताबूत एक साथ रखे गए हैं। इनमें खामेनेई, उनकी बेटी, बहू, पोते और दामाद के ताबूत शामिल हैं। इन सभी का अंतिम संस्कार राजकीय कार्यक्रम के तहत किया जाएगा।

ईरान में जनाजे और तदफीन से जुड़ी रस्में कई दिनों तक चलेंगी। इस दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में आम नागरिकों, धार्मिक नेताओं, राजनीतिक प्रतिनिधियों और विदेशी प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।