कटनी जिला अस्पताल में महिला चिकित्सक ने सिविल सर्जन पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप
कलेक्टर ने शिकायत की जांच टीम गठित कर, जांच के आदेश दिये
CURATED BY – SUNIL YADAV | CITYCHIEFNEWS
कटनी, जिला अस्पताल में पदस्थ महिला डॉक्टर ने सिविल सर्जन यशवंत वर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं । महिला डॉक्टर ने मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। जिसके बाद जिला कलेक्टर ने दो सदस्यों की टीम बनाकर जिसमे ADM और CMHO इस पुरे मामले में जांच कर रहें है, जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएगा उसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। महिला डॉक्टर सुनीता सिंह ने शिकायत में आरोप लगाया है कि सिविल सर्जन डॉक्टर वर्मा के द्वारा अस्पताल में पदस्थ अन्य महिला डॉक्टर के साथ भेदभावपूर्ण बर्ताव किया जाता है। उनके द्वारा अपनी पत्नी डॉक्टर सुनीता वर्मा को विशेष छूट और सुविधाएं मुहैया कराई जाती हैं, जबकि उनके साथ काम करने वाली अन्य महिला डॉक्टर को परेशान किया जाता है। डॉक्टर सुनीता सिंह ने बताया कि पिछले दस वर्षों से उन्हें डॉ. यशवंत वर्मा के द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा है। मेटरनिटी वार्ड में कार्य करने का अवसर नहीं दे रहे हैं। अस्पताल में 10 महिला डॉक्टर हैं, लेकिन सिर्फ चार को ही हाईरिस्क केस, ऑपरेशन व सीजर के काम सौंपे गए हैं। सिविल सर्जन के द्वारा डॉक्टर सुनीता वर्मा को कंसल्टेंसी ड्यूटी से मुक्त रखा जाता है, जबकि अन्य महिला डॉक्टर को कॉल ड्यूटी एवं कंसल्टेंसी ड्यूटी के अलावा और भी कार्य सौंपे जाते हैं। इसके अलावा जिला अस्पताल में सभी अन्य भत्तों के लिए 10 प्रतिशत कमीशन का भी आरोप लगाया है। डॉ. सुनीता सिंह का आरोप है कि एक महिला डॉक्टर जनवरी माह से अस्पताल में पदस्थ हैं। पिछले छह माह से उनसे कोई कार्य नहीं कराया जा रहा है। उन्हें विशेष छूट दी गई है। न तो उनकी ड्यूटी आइपीसी 376 की एमएलसी में लगाई जाती है और न ही केजुअल्टी में।