खेत में पानी देने गए किसान की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या
परिजनों में मचा कोहराम
CURATED BY – GUARAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
नागल | सहारनपुर, सहारनपुर जनपद के नागल थाना क्षेत्र में आधी रात को खेत में पानी देने गए गांव पहाड़पुर निवासी किसान संजय (41) पुत्र दिलेराम की धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। सूचना के बाद सीओ देवबंद अशोक सिसोदिया और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच पड़ताल की
परिजनों ने बताया कि संजय रात 12 बजे घर से खेत पर नलकूप की तरफ गया था। कुछ देर बाद लहूलुहान हालत में घर पहुंचा। उसकी गर्दन पर धारदार हथियारों के गहरे जख्म थे। इससे पहले कि वह परिजनों को कुछ बता पाता वह बेसुध होकर नीचे गिर पड़ा। परिजन तत्काल उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि संजय ने घायल होने के बाद घर फोन भी किया था, लेकिन वह फोन पिक नहीं कर सके। इसके बाद वह हिम्मत करके खुद ही किसी तरह गिरता पड़ता घर पहुंचा। संजय की हत्या से उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।