नहीं रहे मशहूर फिल्म डायरेक्टर श्याम बेनेगल
90 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
हिंदी सिनेमा के मशहूर निर्माता (डायरेक्टर) श्याम बेनेगल का सोमवार को निधन हो गया. बताया जा रहा है कि वह कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती थे. मगर, श्याम बीमारी से जंग नहीं जीत पाए और सोमवार शाम करीब 7 बजे उनका निधन हो गया. उनका यूं अचानक गुजर जाना हिंदी सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है.
9 दिन पहले ही मनाया था 90वां जन्मदिन
बता दें कि अभी हाल ही में श्याम बेनेगल ने अपना 90वां जन्मदिन सेलिब्रेट किया था. जानकारी के अनुसार, 14 दिसंबर को उनका जन्मदिन मनाया जाता था. लेकिन, सोमवार को अचानक आई इस खबर ने उनके लाखों फैन्स का दिल तोड़ दिया.
इस बीमारी से पीड़ित थे श्याम बेनेगल
मीडिया ने बेनेगल की बेटी पिया के हवाले से बताया कि श्याम बेनेगल क्रॊनिक किडनी (Kidney Disease) की बीमारी से जूझ रहे थे. वह इस बीमारी के अंतिम चरण में पहुंच गए थे, जिसके लिए उनका इलाज भी चल रहा था. मगर, सोमवार शाम उन्होंने अंतिम सांस ली. फिलहाल, इस बात की जानकारी नहीं है कि उनका अंतिम संस्कार किस दिन किया जाएगा.
कॉपीराइटर के तौर पर की थी करियर की शुरुआत
बता दें कि श्याम बेनेगल का जन्म सन् 1934 में सिकंदराबाद में हुआ था. उन्होने कॉपीराइटर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और फिर अपनी मेहनत से उन्होंने हिंदी सिनेमा में एक बड़ा मुकाम हासिल किया. बताया जाता है कि साल, 1974 में श्याम बेनेगल ने फिल्म डायरेक्शन करियर की शुरुआत की थी
सबसे पहले इस फिल्म को किया था डायरेक्ट
‘अंकुर’ नाम की फिल्म आई थी, जो उनके डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म बताई जाती है. फिर, 1986 में उन्होंने टीवी की दुनिया में भी कदम रखा और ‘यात्रा’ के नाम से अपना सीरियल डायरेक्ट किया था.
बेनेगल की फिल्मों ने जीते 8 नेशनल अवॉर्ड
हिंदी सिनेमा में श्याम बेनेगल का जो योगदान है, उसे भुलाया नहीं जा सकता. उनके द्वारा बनाई गई फिल्मों ने करीब 8 नेशनल अवॉर्ड जीते थे. यही नहीं श्याम बेगेनल को ‘दादा साहब फाल्के’ सम्मान भी मिल चुका है.