दमोह, पुलिस सैलरी पैकेज (पीएसपी) योजना के अंतर्गत पुलिसकर्मियों के परिजनों को आर्थिक संबल प्रदान करने के उद्देश्य से बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दमोह जिले में पदस्थ दिवंगत प्रधान आरक्षक शमीम खान एवं आरक्षक भूपेंद्र ठाकुर के आश्रित परिवारजनों को 1-1 करोड़ रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए।

दोनों पुलिसकर्मियों का जून 2025 में दुर्घटना के बाद उपचार के दौरान निधन हो गया था। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से पुलिस सैलरी पैकेज (पीएसपी) योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के साथ अनुबंध किया गया है, जिसके अनुसार दुर्घटना में किसी पुलिसकर्मी की मृत्यु होने पर उसके आश्रित परिवार को 1 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाती है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कार्यक्रम के दौरान दिवंगत पुलिसकर्मियों के परिजनों को सहायता राशि के चेक सौंपे। इस अवसर पर स्टेट बैंक कटनी के मुख्य प्रबंधक पुष्पराज पटेल, स्टेट बैंक दमोह के मुख्य प्रबंधक संतोष वर्मा तथा बीडीएम प्रकाश रैकवार सहित पुलिस एवं बैंक के अधिकारी उपस्थित रहे।