सभी कर सकेंगे भगवान धनवंतरी देवालय में दर्शन पूजन
धनवंतरी जयंती पर मुख्य आरती और आयुर्वेद परिचर्चा 30 अक्टूबर होगा आयोजित
CURATED BY – GAURAV SINGHAL | CITYCHIEFNEWS
सहारनपुर, धनतेरस का त्यौहार जीवन में आरोग्य और सच्ची समृद्धि के लिए भगवान धनवंतरी का आशीर्वाद पाने के लिए है। देवासुर संग्राम में समुद्र मंथन में निकले चौदह रत्नों में से एक भगवान धनवंतरी देवताओं और असुरों के रोगों के निदान के लिए आयु का विज्ञान आयुर्वेद और अमृत कलश हाथ में लेकर प्रकट हुए थे जिन्हें चिकित्सा विज्ञान का जन्मदाता माना जाता है। सुख और समृद्धि की गणना में पहला सुख निरोगी काया मानी जाती है इसीलिए सच्चे धन को पाने की चाह में दीपावली से पूर्व धन तेरस के दिन भगवान धनवंतरी के दर्शन और पूजन का विशेष महत्व है! मोक्षायतन अंतर्राष्ट्रीय योग संस्थान के बेरी बाग स्थित मुख्यालय में गत वर्ष स्थापित सहारनपुर के पहले और एकमात्र भगवान धनवंतरी देवालय में धनवंतरी जयंती पर 29, 30 अक्टू. को सभी लोग भगवान धनवंतरी के दर्शन और अर्चन का सौभाग्य पा सकेंगे। आरोग्य और स्वास्थ्य की समृद्धि की कामना से भगवान देवालय का दर्शन पूजन का विशेष महत्व है। ज्ञातव्य है कि भगवान धनवंतरी देवालय का लोकार्पण गत वर्ष प्रदेश के मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र द्वारा किया गया था। तभी से आरोग्य आयुष्य और स्वास्थ्य जिज्ञासु यहां आकर नियमित रूप से भगवान धनवंतरी की स्तुति करते हैं। संस्थान के अधिष्ठाता एन के शर्मा और धर्माचार्य पंडित सुनील शर्मा ने बताया कि इस वर्ष धनवंतरी जयंती पर मुख्य आरती और आयुर्वेद परिचर्चा एवं सम्मान 30 अक्टूबर को प्रात: सात बजे आयोजित किया जाएगा।